यूपी में आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने के लिए घर-घर होगा सर्वे, न बनवाने पर लिस्ट से कटेगा नाम
स्वास्थ्य विभाग ने आशाओं को घर-घर सर्वे कर कार्ड बनवाने और न मिलने पर नाम हटाने के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, अमरोहा। आयुष्मान योजना में चयनित 114890 पात्रों ने अभी तक अपने गोल्डन कार्ड नहीं बनवाए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आशाओं को पात्रों की सूची देकर घर-घर सर्वे कर शतप्रतिशत गोल्डन कार्ड बनवाने के निर्देश दिए हैं। सर्वे के दौरान पात्रों के न मिलने व गोल्डन कार्ड न बनवाने पर उनके नाम पात्रता सूची से कटवाएं जाएंगे।
दरअसल, केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना चला रखी है, जिसका मकसद किसी भी गरीब की इलाज के अभाव में मौत न हो और वह निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकें।
मुफ्त इलाज के लिए पात्र व्यक्ति का गोल्डन कार्ड बनवाना जरूरी है। योजना के तहत अमरोहा जनपद में 677712 लोग पात्रता सूची में चयनित हैं। इनमें से अभी तक 562822 लोगों ने अपने गोल्डन कार्ड बनवा लिए हैं, जबकि करीब 85 हजार लाभार्थी गरीब पड़ने पर निजी अस्पतालों में अपना मुफ्त इलाज कराकर योजना का लाभ उठा चुके हैं।
इसमें खास बात यह है स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद अभी तक 114890 पात्रों ने अपने गोल्डन कार्ड नहीं बनवाए है। जिससे वह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना से वंचित हैं, जबकि विभाग लगातार घर-घर सर्वे कराकर उनके गोल्डन कार्ड बनवा रहा है। शासन का विभाग पर शतप्रतिशत पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाने पर दबाव दे रहा है।
खबरें और भी
प्रभारी सीएमओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि जिन्होंने अभी तक गोल्डन कार्ड नहीं बनवाए हैं उनका एक बार फिर गांवों में घर-घर सर्वे कराया जा रहा है, जिसमें हर गांव के पात्रों की सूची आशाओं को सौंपी गई है।
आशा घर-घर सर्वे कर पात्रों को खोजकर उनके गोल्डन कार्ड बनवाने का कार्य कर रही है। पात्रों के नहीं मिलने, मर जाने या गोल्डन कार्ड नहीं बनवाने पर उनके सूची से सूची से नाम कटवाने की संस्तुति करते हुए शासन को अवगत कराया जाएगा।
पात्रता सूची में नाम-पता व जन्म तिथि गलत होने दिखाएं फैमिली आईडी
प्रभारी सीएमओ ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति का आयुष्मान योजना की पात्रता सूची में नाम-पता तथा जन्म तिथि गलत है तो ऐसी स्थिति में वह शपथ पत्र के साथ अपनी फैमली आईडी देकर गोल्डन कार्ड बनवा सकते हैं।
पात्रता सूची से नाम कटवाने के लिए प्रधान व सचिव देंगे शपथ पत्र
सर्वे के दौरान किसी पात्र व्यक्ति के नहीं मिलने, गांव छोड़कर कहीं बाहर चले जाने, मृत्यु होने या गोल्डन कार्ड नहीं बनवाने उनका सूची से नाम कटवाया जाएगा। इसके लिए संबंधित प्रधान संग सचिव से लिखित में शपथ पत्र भी लिया जाएगा।