अमरोहा: बुलेट के पटाखे से बेहोश हुआ मिस्त्री, ग्रामीणों ने दबोचे युवक तो बिना कार्रवाई छोड़ गई पुलिस; हंगामा
अमरोहा के कांकर सराय में बिना नंबर की बुलेट से पटाखे फोड़कर परेशान कर रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने ...और पढ़ें

पुलिस से बातचीत करते ग्रामीण
HighLights
बोले- पुलिस कर्मियों ने तहरीर भी नहीं ली, दो दिन से तेज बुलेट दौड़ाकर लोगों को परेशान कर रहे युवक
जागरण संवाददाता, अमरोहा। अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांवा कांकर सराय में सोमवार दोपहर बिना नंबर की बुलेट से पटाखे छोड़कर परेशान कर रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने दबोच लिया और पुलिस बुला ली। लेकिन पुलिस कर्मियों ने बिना कार्रवाई के आरोपित युवकों को छोड़ दिया, इस पर लोगों ने हंगामा किया।
लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनकी तहरीर भी नहीं ली। इससे पुलिस की लापरवाह कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कांकर सराय-डिडौली रोड पर विकास और धीरज बिना नंबर की बुलेट बाइक तेज रफ्तार से दौड़कर पटाखे छोड़ लोगों को दो दिन से परेशान कर रहे थे।
-1789985039612.webp)
बाइक की पिछले नंबर प्लेट पर सिर्फ मानव चौधरी जाट लिखा। दोनों युवकों ने सही पता नहीं बताया। हालांकि वे अमरोहा शहर के आंबेडकर पार्क क्षेत्र में रहने वाले बता रहे थे। भाकियू कार्यकर्ता और बाइक मिस्त्री आरिफ रविवार को अपनी दुकान पर काम कर रहे थे।
तभी दोनों युवक बुलेट से पटाखे छोड़ते हुए निकल गए। वह बताते हैं कि पटाखे की आवाज इतनी तेज थी कि वह बेहोश होकर गिर गए और बुलेट सवार युवक हंसते हुए भाग निकले। यह देख लोगों ने आरिफ को उठाकर पास में ही चिकित्सक को दिखाया।
करीब आधा घंटे के बाद उन्हें होश आ सका। अब सोमवार दोपहर करीब दो बजे विकास और धीरज फिर बुलेट से पटाखे हुए छोड़ गुजरे। कुछ मिनट बाद दोनों वापस आए तो कांकर सराय के अड्डे पर ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर पुलिस बुला ली।
लेकिन पुलिस कर्मियों ने आरोपित युवकों को छोड़ दिया। इस पर लोग भड़क गए और हंगामा करने लगे। लोगों ने कार्रवाई के लिए तहरीर देने की कोशिश की। लेकिन पुलिस कर्मियों ने तहरीर नहीं ली।
इस पर ग्रामीणों ने थाने जाने की बात कही तो पुलिसकर्मियों ने इसे भी अनसुना कर दिया। लोगों का कहना है कि बिना नंबर की बाइक से हादसा होता है तो इसका कौन जिम्मेदार होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्च अधिकारियों से इसकी शिकायत करेंगे।
ग्रामीणों के माध्यम से मामला संज्ञान में आया है। मौके पर कौन पुलिसकर्मी गए थे तथा उन्होंने बगैर कार्रवाई युवकों को क्यों छोड़ा इसकी जांच कर रहे हैं। आरोपितों का पता लगा कर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
- अवधभान भदौरिया सीओ।
यह भी पढ़ें- अमरोहा में जांच में खुली पोल: 25 मदरसे कागजों में आबाद, हकीकत में मिले वीरान; मान्यता रद्द करने की तैयारी
