अमरोहा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर में की जा रही थी भ्रूण लिंग जांच, दबोचे गए गिरोह के छह सदस्य
अमरोहा के हसनपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। हरियाणा और अमरोहा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छह लोगों को ...और पढ़ें

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर में की जा रही थी भ्रूण लिंग जांच।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, हसनपुर। जिले में भ्रूण लिंग जांच के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। दस दिन के भीतर लगातार दूसरी बार हरियाणा के झज्जर व अमरोहा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सतैड़ा के मझरा चक की मढै़या में हरियाणा की दो महिलाओं की जांच करते गिरोह को दबोच लिया।
यह मकान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संजो देवी का है। उसका पति अमर सिंह फरार हो गया। जबकि मुख्य आरोपित देवेंद्र सिंह को लगभग डेढ़ किमी दूर पीछा कर पोर्टेबल मशीन सहित पकड़ा है। इस दौरान वह चोटिल भी हो गया। आरोपितों के पास से 1.33 लाख रुपये की नकदी भी मिली है। देर रात तक प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही थी।
भ्रूण लिंग परीक्षण के लिए पहले से बदनाम हसनपुर क्षेत्र पर बुधवार को एक और बदनुमा दाग लग गया है। हरियाणा के झज्जर के पीसीपीएनडीटी प्रभारी डा. संदीप कुमार को बुधवार सुबह आठ बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग सोनीपत के बालगढ़ में कन्या भ्रूण लिंग परीक्षण कराने जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही उन्होंने डॉ. विश्वजीत सिंह व डॉ. रंजीत सिंह को साथ लेकर जांच कराने आने वाले लोगों का पीछा शुरू कर दिया। संबंधित लोग सोनीपत के बालगढ़ में भ्रूण लिंग परीक्षण कराने के बाद नेशनल हाईवे से होते हुए अमरोहा की ओर चल दिए।
खबरें और भी
टीम ने पीछा करते हुए अमरोहा की पीसीपीएनडीटी की टीम से संपर्क किया। सूचना मिलते ही एसीएमओ डा. जसकरण गंगवार तथा हसनपुर के चिकित्साधीक्षक डॉ. धुर्वेंद्र सिंह भी सक्रिय हो गए।
दोपहर करीब 12 बजे गंगा तटबंध के रास्ते हरियाणा के झज्जर निवासी रविंद्र अपने साथ रोहतक निवासी महिला अमित देवी, दिल्ली निवासी महिला ईशा व झज्जर निवासी मोनिका का भ्रूण लिंग परीक्षण कराने के लिए हसनपुर कोतवाली के ग्राम पंचायत सतैड़ा के मझरा चक की मढै़या निवासी अमर सिंह के घर में पहुंच गया।
रविंद्र इस गोरखधंधे में मुख्य दलाल है तथा उसका संपर्क देवेंद्र सिंह से था। जिसके माध्यम से वह महिलाओं को लेकर यहां पहुंचा था। अमर सिंह की पत्नी संजो देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। यहां पर पोर्टेबल मशीन लिए हुए हसनपुर कोतवाली के गांव करनखाल निवासी देवेंद्र व विपिन निवासी गांव करनखाल तैयार थे।
यह भी पढ़ें- बिजनौर में पत्नी और प्रेमी सहित चार को उम्रकैद, अवैध संबंधों में बाधक बनने पर कराई थी पति की हत्या
उन्होंने महिलाओं के पहुंचते ही 1.25 लाख रुपये लेकर भ्रूण लिंग परीक्षण करना शुरू कर दिया। इसी दौरान टीम ने छापा मार दिया। टीम को देखकर देवेंद्र मशीन उठाकर वहां से भाग निकला। जिसे लगभग डेढ़ किमी दूर तक पीछा कर टीम ने पकड़ लिया।
वहीं तीनों महिलाओं व विपिन व रविंद्र को भी टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपितों के कब्जे से 1.33 लाख की नकदी व पोर्टेबल मशीन बरामद की गई है। जबकि मकान मालिक अमर सिंह फरार हो गया।
देवेंद्र सिंह भ्रूण लिंग जांच करने के मामले में 18 अगस्त 2025 को भी गांव करनखाल से पकड़ा गया था। एसीएमओ डा. जसकरण गंगवार की ओर से आरोपितों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी जा रही है।
हरियाणा की पीसीपीएनडीटी की टीम के साथ मिलकर हसनपुर कोतवाली के ग्राम पंचायत सतैड़ा चक की मढै़या में अमर सिंह के घर छापेमारी कर भू्रण लिंग परीक्षण का मामला पकड़ा गया है। तीन महिलाओं समेत छह आरोपित हिरासत में लिए हैं। 1.33 लाख की नकदी व पोर्टेबल मशीन बरामद की गई है। -डॉ. जसकरण सिंह, एसीएमओ अमरोहा।