विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में खाकी शर्मसार: हरियाणा की युवती को घुमाने लाए CRPF जवान, दरोगा और सिपाही ने फार्म हाउस पर किया गैंगरेप

Published: Wed, 23 Sep 2026 08:20 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 23 Sep 2026 09:59 PM (GMT+05:30)

अमरोहा के हसनपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामले में दरोगा, सिपाही और CRPF के 2 जवान गिरफ्तार। पीड़िता की ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. दिनभर मामला दबाए बैठी रही पुलिस को दोपहर बाद करनी पड़ी कार्रवाई

जागरण संवाददाता, अमरोहा। हसनपुर में महिला सुरक्षा के दावों को तार-तार करने का मामला सामने आया है। हरियाणा की युवती तो धार्मिक स्थल घुमाने के बहाने लाए सीआरपीएफ के निरीक्षक मोहित व हेड कांस्टेबिल लालाराम ने हसनपुर कोतवाली में तैनात दारोगा संजय तोमर व हेड कांस्टेबिल प्रमोद के साथ मिलकर दुष्कर्म किया।

बुधवार तड़के परेशान युवती ने पुलिस अधिकारियों को काल कर घटना की सूचना दी। दिनभर मामला दबाए बैठी रही पुलिस को दोपहर बाद इस मामले में कार्रवाई करनी पड़ी। यहां एक फार्म हाउस पर घटना को अंजाम दिया गया है। एसपी लखन सिंह यादव ने देरशाम बताया कि चारों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

हरियाणा के फतेहाबाद निवासी युवती का आरोप है कि 20 सितंबर को उसकी परिचित महिला ने उसे काल कर मोहित निवासी गावं सौरंग थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फर नगर से मिलकर अमरोहा में धार्मिक स्थलों पर घूमने के लिए कहा था।

मोहित सीआरपीएफ में निरीक्षक है। 21 सितंबर को युवती सोनीपत में मोहित से मिली तथा वहां से मेरठ पहुंचे। जहां मोहित ने अपने साथी सीआरपीएफ के ही हेड कांस्टेबिल लालाराम यादव निवासी गांव खातनखेड़ा जिला अलवर को भी साथ ले लिया।

दोनों लोग युवती को कार से 22 सितंबर का शाम हसनपुर ले आए तथा यहां हसनपुर कोतवाली में तैनात दारोगा संजय तोमर से मिलकर उन्हें भी कार में बैठा लिया। जहां से चारों लोग अतरासी-हसनपुर मार्ग स्थित एक फार्म हाउस पर ले गए तथा वहां किराए पर दो कमरे लिए।

आरोप है कि रात में हसनपुर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबिल प्रमोद उनके लिए शराब व खाना लेकर आया। उसके बाद मोहित, लालाराम यादव व संजय तोमर ने दुष्कर्म किया। उसके बाद प्रमोद भी कमरे में घुस गया तथा उसने भी दुष्कर्म का प्रयास किया।

युवती ने प्रमोद को धक्का देकर कमरे से बाहर कर दिया तथा बंद होकर गूगल से अमरोहा पुलिस का नंबर लेकर सुबह छह बजे घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर हसनपुर व रजबपुर पुलिस के साथ ही अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया तथा युवती को लेकर कोतवाली पहुंच गई। दिनभर पुलिस इस मामले को दबाए रही। एसपी ने बताया कि इस मामले में युवती की तहरीर पर चारों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दारोगा व हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर विभागीय जांच का आदेश दिया है। साथ ही सीआरपीएफ के दोनों जवानों के संबंध में भी मुख्यालय रिपोर्ट भेजी गई है।

यह भी पढ़ें- अमरोहा में बड़ा खेल: 132 अवैध अस्पताल सील, फिर भी 'मौत का लाइसेंस' देकर खोल दिए गए क्लिनिक!