अमरोहा: 8 साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद गांव में तनाव, आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी
अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र में एक 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसमें एक 15 वर्षीय किशोर आरोपी है। घटना के बाद गांव में तनाव है, ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
दो संप्रदायों से जुड़ा मामला, प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही पुलिस
जागरण संवाददाता, हसनपुर (अमरोहा)। रहरा थाना क्षेत्र के गांव में 8 साल की मासूम अनुसूचित जाति की लड़की से गैर संप्रदाय के 15 वर्षीय किशोर के जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पीड़ित बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना सोमवार दोपहर 2:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित बच्चे को पड़ोस में रहने वाला किशोर जंगल में खेत पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। रोते हुए घर पहुंची पीड़िता ने माता-पिता को आपबीती सुनाई। स्वजन तत्काल पीड़ित बच्चे को लेकर रहरा थाना पहुंचे।
पुलिस ने आनन-फानन में आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उधर घटना के बाद आरोपित फरार हो गया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। उधर गांव में बुलडोजर भी पहुंच गया है।
आरोपित के जल्द गिरफ्तार नहीं होने पर बुलडोजर से मकान ध्वस्त करने की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पीड़ित बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित बच्ची की हालत स्थिर है।