हलाला पर पोस्ट पड़ गई भारी: अमरोहा के मुस्लिम वकील को अलकायदा के नाम से मिली जान से मारने की धमकी
अमरोहा के मुस्लिम अधिवक्ता आलम मलिक को हलाला और पाकिस्तान पर फेसबुक पोस्ट करने के बाद अलकायदा के नाम से जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर धमकी भरे ईमेल भेजने वाले की तलाश शुरू कर दी है।

अलकायदा द्वारा भेजे गए मेल में लिखा संदेश और अधिवक्ता आलम मलिक द्वारा फेसबुक पर की गई पोस्ट। स्रोत इंटरनेट मीडिया
HighLights
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की
जागरण संवाददाता, अमरोहा। मुस्लिम अधिवक्ता आलम मलिक ने 15 अगस्त को फेसबुक पर हलाला पीड़ित महिलाओं की हिमायत व पाकिस्तान को लेकर पोस्ट की थी। जिसके बाद उन्हें मुजाहिदीन 847 के नाम से बनाई गई ईमेल आइडी से धमकी भरी मेल मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को अलकायदा का सदस्य बताते हुए जान से मारने की धमकी दी है।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है। गूगल इंडिया को मेल भेज कर जिस आइडी से धमकी भरी मेल भेजी गई है उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं अधिवक्ता व स्वजन दहशत में हैं।
देहात क्षेत्र के गांव बागड़पुर कलां निवासी आलम मलिक अधिवक्ता हैं। 15 अगस्त को उन्होंने फेसबुक पर तीन तलाक के बाद हलाला को गलत बताते हुए उसमें बदलाव व सख्त कार्रवाई का मुद्दा उठाया था।
इसके साथ ही पाकिस्तान के मौलानाओं द्वारा हलाला को लेकर दिए गए बयानों का विरोध किया था। इसके बाद 16 अगस्त को जब उन्होंने अपनी मेल आइडी खोली तो उन्हें मुजाहिदीन847 नाम की जीमेल आइडी से धमकी भरा मेल मिला।
इसमें मेल भेजने वाले ने खुद को अलकायदा का सदस्य बताते हुए अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी दी है। कहा है कि वह पाकिस्तान व पाकिस्तान के मौलानाओं के बारे में फेसबुक पर काफी पोस्ट कर रहे हैं।
हलाला धार्मिक कार्य है तथा अल्लाह का हुकम है। मेल में कहा है कि वह पाकिस्तान के बारे में गलत पोस्ट करता है। वह अलकायदा के निशाने पर है, जल्दी ही तुझे जान से मारकर जहन्नुम भेज दिया जाएगा।
ताकि फिर हिंदुस्तान में कोई पाकिस्तान के बारे में गलत बात न कर सके। मेल मिलने के बाद अधिवक्ता आलम मलिक व उनके स्वजन दहशत में आ गए हैं। उन्होंने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी।
देहात पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही गूगल इंडिया को मेल भेज कर धमकी भरी मेल भेजने वाले के बारे में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
मोहम्मद शमी और हाशमी ग्रुप को भी मिली थीं धमकी
क्रिकेटर मोहम्मद शमी को अप्रैल 2025 में धमकी भरा मेल मिल था। उनसे आरोपित ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। यह मेल बंगलुरू की आइडी से भेजी गई थी। जबकि उसका लिंक यूरोप से जुड़ा था।
पुलिस की पड़ताल में यह बात सामने आई थी कि मेल यूरोप से भेजा गया था। इस मामले में अभी तक पुलिस किसी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। जबकि दूसरा मामला हाशमी एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डाॅ. सिराजुद्दीन हाशमी से जुड़ा है।
नवंबर 2025 में उनके बेटे डाॅ. बुरहान हाशमी को भी धमकी भरी काल आई थी। धमकी देने वाले ने खुद को लारेंस विश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।
वाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज भी मिले थे। जिस नंबर से उन्हें काल व मैसेज किए गए थे वह पुर्तगाल का था। पहले दुबई में पैसे पहुंचाने को कहा गया था। प्राथमिकी तो दर्ज की गई, लेकिन पुलिस अभी तक किसी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
मामले की जांच कराई जा रही है। धमकी भरा मेल किसने व कहां से भेजा है उसका डाटा निकाला जा रहा है। धमकी देने वाले ने खुद को अलकायदा का सदस्य बताया है। अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
- अखिलेश भदौरिया, एएसपी।
यह भी पढ़ें- अमरोहा के वसीम ने 'शिवा' बनकर रचा ढोंग: धर्म छिपाकर युवती से किया दुष्कर्म, विरोध करने पर दी धमकी; केस दर्ज
