Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    विधायक का बेटा हो या इंस्पेक्टर का लाल: अमरोहा में रील का 'भूत' उतार रही पुलिस, 217 गाड़ियों पर एक्शन से हड़कंप!

    Updated: Sun, 11 Jan 2026 06:59 PM (IST)

    अमरोहा में युवाओं के बीच खतरनाक स्टंट का चलन लगातार बढ़ रहा है, जिसमें बाइक, कार और ट्रैक्टर शामिल हैं। सोशल मीडिया पर लाइक पाने की होड़ में युवा अपनी ...और पढ़ें

    ट्रैक्‍टर से स्‍टंट करते युवा

    ट्रैक्‍टर से स्‍टंट करते युवा

    HighLights

    1. एक साल में 217 वाहनों पर कार्रवाई, हसनपुर व गजरौला में अधिक आते स्टंट के मामले सामने

    2. जनवरी 2025 से अब तक 98 वाहन सीज, 217 पर कार्रवाई, हर दूसरे दिन प्रसारित हो रहे वीडियो

    जागरण संवाददाता, अमरोहा। जिले में युवाओं के बीच खतरनाक स्टंट करने का चलन लगातार बढ़ता जा रहा है। बाइक, कार, थार और ट्रैक्टर से स्टंट के वीडियो आए दिन इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद यह प्रवृत्ति थमने का नाम नहीं ले रही है। जनवरी 2025 से 10 जनवरी 2026 तक स्टंट के मामलों में पुलिस 217 वाहनों पर कार्रवाई कर चुकी है। इनमें 98 वाहन सीज किए गए हैं। जबकि अन्य का चालान कर जुर्माना वसूला गया है।

    एक सप्ताह पूर्व गजरौला में इंस्पेक्टर के बेटे की ओर से फुटपाथ पर थार से स्टंट करने का वीडियो प्रसारित हुआ था। मामले के सामने आते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया था। इसके अगले ही दिन हसनपुर क्षेत्र में ट्रैक्टरों से स्टंट करते युवकों का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिस पर भी पुलिस ने संज्ञान लेकर कार्रवाई की।

    ये मामले केवल बानगी हैं। जिले में लगभग हर दूसरे दिन स्टंट के नए वीडियो सामने आ रहे हैं। इंटरनेट मीडिया के दौर में फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लाइक व कमेंट पाने की होड़ में युवा अपनी जान के साथ दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे हैं। बीते एक महीने में जिले में स्टंट के कई मामले सामने आए हैं।

    इनमें भाकियू नेता दिग्विजय भाटी प्रकरण, गजरौला में इंस्पेक्टर के बेटे और हसनपुर में स्टंट के दौरान बंदूक लगाने का मामला खासा चर्चित रहा। हालांकि पुलिस ने सभी मामलों में कार्रवाई की थी, लेकिन हसनपुर सर्किल और गजरौला क्षेत्र में स्टंट की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।

    खबरें और भी

    विधायक के बेटे का वीडियो भी हुआ था प्रसारित

    अप्रैल 2025 में हसनपुर विधायक महेंद्र खड़गवशी के बेटे का वीडियो भी कार से स्टंट करते हुए इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो में वह गंगा एक्सप्रेस-वे पर दोस्तों के साथ नई कार से स्टंट करता नजर आया था। यह वीडियो दिसंबर 2024 की बताई गई थी, जो बाद में प्रसारित हुई।

    बुलेट से पटाखा छोड़ने का बढ़ता चलन

    जिले में युवाओं के बीच बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालने का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है। गजरौला और अमरोहा में शाम होते ही युवक बुलेट लेकर बाजारों में निकलते हैं और तेज आवाज कर माहौल बिगाड़ते हैं। ऐसे मामलों में भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। तीन दिन पूर्व गजरौला में एक बुलेट का 10 हजार रुपये का चालान किया गया, जबकि पंद्रह दिन पहले जोया में बुलेट को सीज किया गया था।

     

    स्टंट के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। युवाओं को लगातार समझाया जा रहा है। जैसे ही मामला संज्ञान में आता है, मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाती है। युवाओं से अपील है कि स्टंट कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।

    - अनुज मलिक, टीएसआइ।


    यह भी पढ़ें- मोहम्‍मद शमी, हसीन जहां और कैफ... एक साथ क्‍यों कटे अमरोहा की लिस्ट से ये नाम, अब कहां करेंगे मतदान?