चौकुनी गोशाला मामला: बजरंग दल के हंगामे के बाद एक्शन, 4 केयर टेकर हटे, NGO संचालक को 15 दिन की मोहलत
चौकुनी गोशाला में मृत पशुओं के अवशेष मिलने के बाद बजरंग दल के हंगामे पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
पंचायत सचिव का स्पष्टीकरण तलब
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। विकास क्षेत्र हसनपुर की चौकुनी गोशाला के पास एक सितंबर को आठ से दस गोवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े होने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर हंगामा किया था। बजरंग दल के प्रांतीय गोरक्षा प्रमुख हेमंत सारस्वत एक मृत बछिया का शव भी अपने साथ तहसील ले गए थे।
हंगामा होने के बाद एसडीएम हिमांशु उपाध्याय और सीओ पंकज कुमार त्यागी ने तत्काल गोशाला पहुंचकर निरीक्षण किया था। जिसमें अनियमितताएं और लापरवाही सामने आई थी।
जिलाधिकारी डाॅ. नितिन गौड़ के आदेश पर गोशाला में तैनात चारों केयरटेकर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। एनजीओ संचालक पवन कुमार को नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के अंदर गोशाला की व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर खंड विकास अधिकारी ने पंचायत सचिव सुरेंद्र सिंह को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। उल्लेखनीय है कि एसडीएम की जांच रिपोर्ट में गोशाला में नियमित सफाई नहीं किए जाने, मृत पशुओं के शवों का निस्तारण नियमानुसार नहीं किए जाने, गोशाला में संरक्षित पशुओं के लिए पीने के पानी और चारे की व्यवस्था बेहतर नहीं होने की बात सामने आई थी।
एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने अपनी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की थी। उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी हसनपुर डा. चंद्रजीत सिंह ने बताया कि अधिकारियों के आदेश पर चार में से दो केयर टेकर तत्काल हटा दिए गए हैं।
अन्य केयर टेकरों की व्यवस्था होने तक दो काम करते रहेंगे। एनजीओ संचालक को नोटिस जारी कर 15 दिन में गोशाला की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत सचिव का भी स्पष्टीकरण खंड विकास अधिकारी के द्वारा तलब किया गया है।
