अमरोहा में जल प्रदूषण की जांच के लिए लखनऊ से पहुंची टीम, लिए गए 30 सैंपल
लखनऊ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने अमरोहा के औद्योगिक क्षेत्र गजरौला में जल प्रदूषण की जांच की। ग्रामीणों की ...और पढ़ें

जल प्रदूषण की जांच के लिए लखनऊ से पहुंची टीम।
HighLights
लखनऊ टीम ने गजरौला औद्योगिक क्षेत्र में जल प्रदूषण जांचा।
ग्रामीणों की शिकायत पर पानी के 25-30 नमूने लिए गए।
जांच रिपोर्ट एक सप्ताह में आने की उम्मीद है।
संवाद सूत्र, गजरौला। औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लखनऊ की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर करीब 25 से 30 पानी के सैंपल लिए। टीम में चीफ इंजीनियर से लेकर प्रोफेसर और अभियंता तक शामिल रहे। अधिकारियों के क्षेत्र में पहुंचते ही औद्योगिक इकाइयों में भी हड़कंप की स्थिति दिखाई दी।
बुधवार को टीम ने सुबह करीब 10 बजे नाईपुरा व बुधनगर क्षेत्र में पहुंचकर जांच शुरू की। यहां अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर पानी की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में पानी के रंग में बदलाव दिखाई दे रहा है। और इससे बीमारी फैल रही है। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर हैंडपंप के पानी के नमूने लिए। इसके बाद टीम अलीपुर पहुंची। वहां भी पानी के नमूने लिए गए।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर पानी से संबंधित समस्याओं की जानकारी हासिल की। टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों शहबाजपुर डोर बसैली आदि स्थानों का भी निरीक्षण किया और वहां की स्थिति को देखा।
जांच के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लखनऊ की टीम में मुख्य अभियंता उत्सव सिंह, अभियंता सोमेंद्र सिंह, प्रोफेसर हरकेश बहादुर और प्रोफेसर रामचंद्र शामिल रहे। इसके अलावा बिजनौर से प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारी भी टीम के साथ मौजूद रहे। मुख्य अभियंता ने बताया कि एक सप्ताह में रिपोर्ट आ जाएगी।
ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने रखी समस्या
संस, बुधनगर मुहल्ला निवासी एहसान, मोहम्मद आलम, श्याम प्रसाद समेत अन्य ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने क्षेत्र में पानी की स्थिति को लेकर अपनी समस्याएं और जानकारी रखी। ग्रामीणों ने पानी के रंग में बदलाव की शिकायत करते हुए जांच कराने की मांग की।
कहा कि इस पानी के सेवन से बीमारियां उत्पन्न हो रही हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि लिए गए सभी पानी के नमूनों की विधिवत जांच कराई जाएगी। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई और निर्णय लिया जाएगा।
प्रदूषित पानी से प्रभावित हैं यह गांव-मुहल्ले
शहबाजपुर डोर, अल्लीपुर, नाईपुुरा, बसैली, बुधनगर, सुल्तानठेर, सादल्लेपुर, चौपला, लक्ष्मीनगर, कांकाठेर, ख्यालीपुर, सुल्ताननगर।
दैनिक जागरण ने चलाया था अभियान
कस्बा व आसपास के गांव में प्रदूषित जल को लेकर दैनिक जागरण ने मई 2026 में अभियान चलाया था। जिसके बाद भाकियू संयुक्त मोर्चा ने भी आंदोलन शुरु कर दिया था। दो महीना तक लगातार धरना चलाया था। इसके बाद जिला प्रशासन के साथ ही बिजनौर की प्रदूषण विभाग की टीम ने पानी के नमूने लेकर जांच को भेजे थे। जांच रिपोर्ट में पानी प्रदूषित मिला था।
