किक्रेटर मोहम्मद शमी की राजनीति में एंट्री! दिल्ली में जयन्त चौधरी से मुलाकात के बाद गरमाई यूपी की सियायत
क्रिकेटर मोहम्मद शमी और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी की मुलाकात से अमरोहा के राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। ...और पढ़ें

जयन्त चौधरी से मुलाकात के दौरान मोहम्मद शमी।
HighLights
मोहम्मद शमी और जयंत चौधरी की दिल्ली में हुई मुलाकात।
अमरोहा के राजनीतिक गलियारे में बढ़ी हलचल, चुनाव की अटकलें।
शमी या भाई हसीब के चुनाव लड़ने पर अभी स्पष्टता नहीं।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। क्रिकेटर मोहम्मद शमी व रालोद राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की दिल्ली में हुई मुलाकात ने अमरोहा के राजनीतिक गलियारे में हलचल बढ़ा दी है। हालांकि आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर शमी या उनके भाई हसीब ने स्पष्ट रुख सामने नहीं रखा है। परंतु उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार भी नहीं किया है।
अमरोहा विस क्षेत्र के गांव सहसपुर अलीनगर निवासी मोहम्मद शमी ने रविवार को दिल्ली में जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। जिसकी फोटो खुद जयन्त चौधरी ने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट की थी। हालांकि 5 सितंबर के अंक दैनिक जागरण ने शमी के भाई मोहम्मद हसीब के अमरोहा विधानसभा क्षेत्र से रालोद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।
ऐसे में अब शमी व जयंत की मुलाकात से राजनीतिक गलियारे में हलचल बढ़ा दी है। इस मुलाकात के बारे में मोहम्मद हसीब ने दैनिक जागरण को बताया कि शमी व जयंत चौधरी की यह मुलाकात दोस्ताना थी। हालांकि जयन्त चौधरी का सहसपुर अलीनगर आना प्रस्तावित था। परंतु शमी दिल्ली में मौजूद थे तो दोनों की वहां मुलाकात हो गई है।
यह भी पढ़ें- सपा-लोकदल मिलकर लड़ेंगे यूपी विधानसभा चुनाव 2027, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया 35 सीटों पर दावा
राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटे शमी-हसीब
भाई ने बताया कि चुनाव लड़ने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि अभी कुछ स्पष्ट कहा नहीं जा सकता। अभी आगे देखते हैं क्या होता है।
बता दें कि क्रिकेट जगत में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका मोहम्मद शमी का परिवार राजनीति से भी जुड़ा रहा है। शमी के दादा अनीस अहमद सहसपुर अलीनगर के तीन बार ग्राम प्रधान रह चुके हैं। दो बार उनके पिता तौसीफ अहमद व एक बार मां अंजुम आरा भी ग्राम प्रधान रही हैं। जबकि मोहम्मद हसीब भी 2014 में जिला पंचायत का चुनाव लडे़ थे।
अमरोहा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव को लेकर तेज हुई सरगर्मी
बता दें कि अमरोहा विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई हैं। दावा किया जा रहा है कि रालोद भाजपा से अमरोहा सदर व नौगावां सादात सीट पर हिस्सेदारी मांग रही है। हाल ही में पूर्व विधायक मोहम्मद आकिल उर्फ मुन्ना मियां के बेटे मोहम्मद कामिल ने भी रालोद की सदस्यता ग्रहण की है तथा वह भी भाजपा-रालोद गठबंधन से बतौर प्रत्याशी अमरोहा सीट पर दावेदारी जता रहे हैं। ऐसे में मोहम्मद शमी व जयन्त की मुलाकात कई मायनों में अहम मानी जा रही है।
