परिवार से सलाह के बाद मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा, भाई हसीब अहमद ने बताई मेन वजह
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने परिवार से सलाह-मशविरा करने के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी ...और पढ़ें

मोहम्मद शमी।
HighLights
मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।
यह फैसला परिवार के सदस्यों से सलाह के बाद लिया।
भाई हसीब बोले, शमी में अभी बहुत क्रिकेट बाकी है।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शुक्रवार देर रात टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का एलान कर क्रिकेट प्रेमियों को चौंका दिया। हालांकि, उनका यह फैसला अचानक नहीं था।
संन्यास की घोषणा से पहले उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर इस पर सलाह-मशविरा किया था। परिवार से चर्चा के कुछ घंटे बाद ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। शमी के इस फैसले के बाद देर रात तक इंटरनेट मीडिया पर उनके सुनहरे क्रिकेट करियर की चर्चा होती रही।
मूलरूप से गांव सहसपुर अलीनगर निवासी मोहम्मद शमी ने अपनी धारदार गेंदबाजी से भारतीय क्रिकेट में अलग पहचान बनाई। उन्होंने कई मौकों पर शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई। नवंबर 2023 में हुए वनडे विश्व कप में भी उनका प्रदर्शन यादगार रहा।
शुरुआती मैचों में नहीं मिला मौका
शुरुआती मैचों में मौका नहीं मिलने के बाद जब उन्हें मैदान में उतारा गया, तो उन्होंने अपनी गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने और भारत को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
हाल ही में रणजी ट्रॉफी में दमदार प्रदर्शन के बावजूद न्यूजीलैंड दौरे के लिए चयन नहीं होने पर भी वह चर्चा में रहे थे। इसी बीच शुक्रवार देर रात उनके टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के एलान ने प्रशंसकों को हैरान कर दिया।
परिवार और करीबी दोस्तों से सलाह लेने के बाद लिया संन्यास
शमी के इस फैसले के पीछे परिवार से हुई चर्चा भी अहम रही। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वह दिल्ली से गांव स्थित अपने फार्म हाउस पहुंचे थे। यहां उन्होंने बड़े भाई हसीब अहमद, मां अंजुम आरा और करीबी दोस्तों के साथ टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले पर चर्चा की। इसके बाद रात करीब नौ बजे वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। परिवार और करीबी दोस्तों से सलाह लेने के बाद ही उन्होंने संन्यास की घोषणा की।
मोहम्मद शमी के बड़े भाई हसीब अहमद ने दैनिक जागरण को बताया कि संन्यास लेने का फैसला शमी का अपना है। वह इस बारे में परिवार से बात करने घर आए थे। टेस्ट क्रिकेट में उनका प्रदर्शन हमेशा याद किया जाएगा। हालांकि, शमी के अंदर अभी बहुत क्रिकेट बाकी है। उनकी फिटनेस को लेकर भी कोई समस्या नहीं है। घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन इसका प्रमाण है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।