अमरोहा में फर्जी फर्मों से GST: दूसरे राज्यों के पते का इस्तेमाल, राजस्थान के व्यापारी ने की 4.50 करोड़ की जीएसटी चोरी
अमरोहा में फर्जी फर्मों द्वारा जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें करोड़ों रुपये की कर चोरी की गई। वाणिज्य कर विभाग ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। ज ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
फर्जी फर्मों द्वारा बोगस आईटीसी क्लेम का खुलासा
अमरोहा में दो माह से व्यापार स्थल बंद, पोर्टल पर फर्म जारी
जागरण संवाददाता, अमरोहा। फर्जीवाड़े के जरिए जीएसटी चोरी कर सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगाने के मामले में भले ही वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों ने फर्म मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने को तहरीर दे दी हो लेकिन, उससे पहले हुई जांचों में जो खुलासे हुए हैं, वह वाकई चौंकाने वाले हैं।
दूसरी फर्मों को आईटीसी का लाभ पहुंचाने को काटे गए अस्तित्वहीन फर्मों के बिल
शातिरों ने दूसरे राज्य का पता दर्शाकर अमरोहा में फर्म बनाकर फर्जीवाड़ा किया। इतना ही नहीं दूसरी फर्मों को आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) का लाभ दिलवाने के लिए माल की वास्तविक सप्लाई के बिना ही बिलिंग कार्य किया गया। जीएसटी पोर्टल पर फर्म का संचालन जारी रहा लेकिन, जांच में व्यापार स्थल दो माह से बंद पाया गया। एक चैन के रूप में फर्जीवाड़े का खेल खेला गया।
केस.1 अस्तित्वहीन फर्मों के जरिए किया फर्जी आईटीसी क्लेम
मोहम्मद नियाज पुत्र मुमताज हुसैन निवासी नियर मदीना मस्जिद भोजपुर जनपद मुरादाबाद ने केंद्रीय क्षेत्राधिकार में पंजीकृत अपनी फर्म सर्वश्री यूनिवर्सल मेटल्स का व्यापार स्थल का पता गांव कालाखेड़ा अमरोहा दर्शाते हुए आयरन व प्लास्टिक स्क्रैप, पुरानी बैटरी स्क्रैप की खरीद के लिए दर्शाया। इस फर्म की जांच मुख्यालय के एसटीएफ सेक्शन द्वारा की गई। उसने विभाग को सूचना दी कि सर्वश्री यूनिवर्सल मेटल्स द्वारा अस्तित्वहीन फर्मों से सर्कुलर ट्रडिंग के जरिए बोगस आईटीसी क्लेम की गई है।
इस श्रंखला में सर्वश्री मेटल प्लेनेट, सर्वश्री एमएस ट्रेडर्स महाराजगंज से खरीद करते हुए बोगस आईटीसी क्लेम की गई। व्यापारिक गतिविधि किए बगैर प्रपत्रों में खरीद बिक्री प्रदर्शित की गई। करीब 20252092 रुपये का चूना सरकार को लगाया गया। फर्म निरस्त होने के बाद व्यापार स्थल बंद मिला।
खबरें और भी
केस-2 राजस्थान के व्यापारी ने की 4.50 करोड़ की जीएसटी चोरी
श्री जीवनराम श्री पुरवा निवासी तोताराम की धानी, बाबर मगरा वार्ड नंबर-19 जिला जैसलमेर-345001, राजस्थान द्वारा सर्वश्री शिव ट्रेडिंग कंपनी से स्क्रैप के व्यापार के लिए वाणिज्यकर विभाग में जीएसटी के अंतर्गत पंजीकरण कराया। व्यापार स्थल गजरौला रोड हसनपुर बिल्डिंग नंबर एच नंबर-12, फ्लोर नंबर, बिल्डिंग नाम जनपद अमरोहा दर्शाया। जांच में व्यापार स्थल पर टायरों की दुकान मिली। प्रोपराइटर का चेहरा भी कोई पहचान नहीं पाया। मोबाइल नंबर बंद पाए गए लेकिन, फर्म ने वर्ष 2020-2021 व 2021-22 करोड़ों का व्यापार कर 4.50 करोड़ की जीएसटी चोरी की गई।
केस-3 व्यापार स्थल दो माह से बंद, जीएसटी पोर्टल पर चल रही फर्म
केंद्रीय क्षेत्राधिकार में पंजीकृत फर्म सर्वश्री वुड वर्ड ने व्यापार स्थल नियर कोल्ड स्टोरेज जोया दिखाया। इस फर्म के स्वामी आफताब आलम पुत्र सराफत हुसैन निवासी मुहल्ला मुंशियान जोया हैं। व्यापारी स्थल की जांच में उपायुक्त विशेष अनुसंधान शाखा राज्यकर सम्भाग ए मुरादाबाद ने पाया कि फर्म अस्तित्वहीन है और अविधिक रूप से प्राप्त की गई आईटीसी का लाभ आगे की फर्मों को पहुंचाने के उद्देश्य से माल की वास्तविक सप्लाई के बिना केवल बिलिंग का कार्य किया गया है।
व्यापारी ने स्वयं अस्तित्वहीन होते हुए पंजीकृत व्यापारियों को आउटवर्ड सप्लाई घोषित कर आईटीसी पासआन की गई है। करीब 2,60,67,895 रुपये की जीएसटी चोरी कर सरकार को क्षति पहुंचाई है। वर्तमान में फर्म जीएसटी पोर्टल पर संचालित मिली जबकि, व्यापारी का दो माह से व्यापार स्थल बंद पाया गया।