यूपी के अमरोहा में बवाल: बच्चों की लड़ाई में कूदा 'तिब्बत का बेटा चीन', जमकर चले पत्थर; 40 पर केस
अमरोहा के सैदपुर इम्मा गांव में बच्चों की कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो पक्षों के बीच 15 ...और पढ़ें

गांव में मारपीट करते लोग। वीडियो ग्रैब
HighLights
बच्चों के बीच हुई कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों में 15 मिनट तक हुआ पथराव
पुलिस ने सात को किया गिरफ्तार, 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी दर्ज की प्राथमिकी
जागरण संवाददाता, अमरोहा। नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर इम्मा में बुधवार शाम बच्चों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के स्वजन आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट व पथराव तक पहुंच गया। करीब 15 मिनट तक दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में भी पत्थर चलते रहे। घटना में कितने लोग घायल हुए हैं, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर दोनों पक्षों के 40 लोगों को नामजद किया है। जबकि 35 अज्ञात पर भी खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव निवासी मुकीम और अली हसन के परिवारों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही है। बुधवार शाम दोनों परिवारों के बच्चे गांव की बड़ी मस्जिद के पास खड़े थे। इसी दौरान उनके बीच कहासुनी हो गई। जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट होने लगी।
कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग घरों की छतों पर चढ़ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें तिब्बत का बेटा चीन भी शामिल रहा। जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। बावजूद इसके पथराव जारी रहा। बाद में थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। करीब 15 मिनट बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया।
घटना में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। क्योंकि पुलिस को गांव में कोई घायल नहीं मिला। दारोगा तेजपाल सिंह की तहरीर पर दोनों पक्षों के 40 लोगों को नामजद करते हुए 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रहीश अहमद, मोहम्मद शहीद, आले हसन, रहीश, नफीश, अहमद अली और अहसान को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
इन लोगों को किया गया नामजद
मुकीम, हासिम, हासिम अली, चीन, युसुफ, दिलशाद, नदीम, नफीस, रहीस, शहीद, आले हसन, रईस, जहीर, आसिफ, मुशर्रफ, सलीम, शौकीन, सैय्यद करीम, अली हसन, गुड्डू, नबी हसन, अल्ताफ, आलिम, नजाकत, महताब, असलम, फरीद, ताहिर, अफजाल, इदरीश, इंतजार, रईस, साजिद अली, अहमद अली, अहसान, वकील, चुनमिन, सरताज और आले हसन शामिल हैं।
पथराव के दौरान घरों में दुबके रहे ग्रामीण
घटना के समय गांव में त्योहार के चलते चहल-पहल थी। अचानक मारपीट और पथराव शुरू होने से लोग दहशत में आ गए। ग्रामीण अपने-अपने घरों में दुबक गए। पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाती रहीं, लेकिन काफी देर तक पत्थरबाजी जारी रही। हालात सामान्य होने के बाद ही लोगों ने घरों से बाहर निकलने की हिम्मत जुटाई।
सैदपुर इम्मा प्रकरण में 40 लोगों को नामजद किया है। जबकि 35 अज्ञात पर प्राथमिकी लिखी है। सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात है। फरार आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुनील कुमार, प्रभारी निरीक्षक।
यह भी पढ़ें- अमरोहा में चल रहा था अवैध भ्रूण लिंग जांच का काला धंधा, हरियाणा की महिलाओं समेत 13 पर FIR
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।