विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरैया में अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या होगी खत्म, जल्द शुरू होगा बाईपास ओवरब्रिज का काम

Updated: Sat, 15 Aug 2026 10:23 PM (GMT+05:30)

अछल्दा में रेलवे क्रॉसिंग 13-बी पर प्रस्तावित बाईपास ओवरब्रिज के निर्माण की कवायद तेज हो गई है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग पर बाईपास ओवरब्रिज निर्माण की कवायद तेज।

  2. 73.42 करोड़ की लागत से बनेगा 1800 मीटर लंबा पुल।

  3. किसानों की भूमि का रकबा निर्धारित, जल्द बैनामा प्रक्रिया शुरू।

संवाद सूत्र, औरैया। अछल्दा में रेलवे क्रॉसिंग 13-बी पर प्रस्तावित बाईपास ओवरब्रिज के निर्माण की कवायद अब तेज हो गई है। करीब 73.42 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए प्रभावित किसानों की भूमि का रकबा निर्धारित कर लिया गया है।

गुरुवार को सेतु निगम की टीम ने क्षेत्रीय लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचकर चिह्नित भूमि का रकबा निकाला था। अधिकारियों के अनुसार, किसानों से स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होते ही करीब एक सप्ताह में बैनामा शुरू कराया जाएगा।

अछल्दा में रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए शासन ने 20 दिसंबर 2025 को बाईपास ओवरब्रिज परियोजना को मंजूरी दी थी। इसके बाद रेलवे और सेतु निगम की टीम ने दो जनवरी को प्रथम सर्वे किया। 23 जनवरी को रेलवे, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सेतु निगम की संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्वे कर प्रस्तावित निर्माण की रूपरेखा तैयार की।

21 फरवरी को प्रस्तावित भूमि का सीमांकन कराया गया। एक जुलाई को प्रभावित किसानों की भूमि की पैमाइश तथा दो जुलाई को क्षेत्रफल का सत्यापन और सीमांकन पूरा किया गया। अब रकबा निर्धारण के बाद भूमि से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

सेतु निगम के मोनू और क्षेत्रीय लेखपाल सतेंद्र यादव की मौजूदगी में चिह्नित स्थानों का रकबा निकाला गया। अधिकारियों का कहना है कि किसानों की सहमति प्राप्त होते ही बैनामा की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। इससे लंबे समय से प्रस्तावित ओवरब्रिज परियोजना के धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ गई है।

1800 मीटर लंबा और 17 मीटर चौड़ा होगा ओवरब्रिज

प्रस्तावित बाईपास ओवरब्रिज करीब 1800 मीटर लंबा और 17 मीटर चौड़ा होगा। इसे 16 पिलरों पर बनाए जाने की योजना है। परियोजना के लिए शासन ने 73 करोड़ 42 लाख 25 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें से 20 करोड़ 36 लाख 62 हजार रुपये की धनराशि पहले ही जारी की जा चुकी है।

वर्षों पुराने जाम से मिलेगी राहत

दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग 13-बी पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बार-बार बंद होता है। इससे सुबह और शाम के समय सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। स्थानीय लोगों के लिए यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है।

ओवरब्रिज बनने के बाद रेलवे फाटक पर निर्भरता कम होगी और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि किसानों से बैनामा और भूमि संबंधी प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि अछल्दा को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें- यूपी के औरैया समेत इन जिलों में बनेंगी 5 नई जेल, योगी सरकार ने जारी किया 514 करोड़ का बजट