Auraiya Murder Case: चोरी करने घर में घुसे 2 लोग, बुजुर्ग महिला के जागने पर मार डाला, साजिश में शामिल महिला सहित 4 गिरफ्तार
पुलिस ने औरैया के बंथरा गांव में 62 वर्षीय भूरी देवी की हत्या का खुलासा किया है। चोरी के इरादे ...और पढ़ें

हत्याकांड की जानकारी देते पुलिस अधिकारी। साथ में गिरफ्तार आरोपित। जागरण
HighLights
बंथरा गांव में 62 वर्षीय भूरी देवी की हत्या का खुलासा
चोरी के इरादे से घर में घुसे, महिला के जागने पर हत्या
तीन आरोपी और एक बाल अपचारी गिरफ्तार, जेवर-नकदी बरामद
संवाद सहयोगी, बिधूना(औरैया)। चारपाई पर साड़ी से बंधे मिले वरिष्ठ महिला के शव की घटना का पुलिस ने रविवार को राजफाश किया। महिला की हत्या उसके जेठ के बेटे की पत्नी ने लूटपाट के इरादे से तीन लोगों के साथ मिलकर कराई थी। जेठ के बेटे की पत्नी की महिला चचिया सास थी।
आरोपितों में एक बाल अपचारी है, जिसे अभिरक्षा में रखते हुए तीन की गिरफ्तारी दिखाई गई। घटना बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बंथरा में हुई थी। शुक्रवार सुबह शव देखा गया था। आरोपितों के कब्जे से चांदी के जेवर व नकदी बरामद की गई है। शाम को न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों को इटावा जेल भेज दिया गया।
23 अक्टूबर (शुक्रवार) को 62 वर्षीय भूरी देवी का शव चारपाई पर बंधा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई थी। शुरू से ही पुलिस हत्या की आशंका पर काम कर रही थी।
इस मामले में एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि भूरी देवी घर पर अकेली रहती थीं। उनके पति अनंग पाल सिंह और दोनों बेटे हरियाणा के फरीदाबाद में निजी नौकरी करते हैं। राजफाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया था।
शनिवार को पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई। सर्विलांस पर कई लोगों के फोन नंबर को लगाया गया। एसपी ने बताया कि बेला-बिधूना मार्ग से 24 वर्षीय दानवीर सिंह उर्फ गोलू धाकरे निवासी ग्राम नगला अणू थाना बरहन जिला आगरा, 45 वर्षीय रेनू सेगर निवासी गांव बंथरा कोतवाली बिधूना जो कि भूरी देवी के जेठ के बेटे की पत्नी को गिरफ्तार किया।
रिश्ते में रेनू की भूरी देवी चचिया सास थी। वहीं, 25 वर्षीय दानवीर सिंह की बुआ का बेटा रजित सिंह राजावत निवासी गोहानी थाना चकरनगर जिला इटावा को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में गोलू ने पुलिस को बताया कि दशहरा से पहले रेनू ने भूरी देवी के घर में नकदी और आभूषण होने की जानकारी कांफ्रेंसिंग काल करके दी थी।
इसके बाद चोरी की योजना बनाई गई। 22 अक्टूबर की रात गोलू और बाल अपचारी दीवार फांदकर घर में घुसे और नकदी व जेवरात चोरी करने लगे। इसी दौरान भूरी देवी के जागने और शोर मचाने की आशंका पर आरोपितों ने तौलिये से उनका गला दबा दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद संदेह से बचने के लिए आरोपित अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से करीब 60 ग्राम चांदी की एक जोड़ी तोड़िया, लगभग 15 ग्राम चांदी की 11 बिछिया और 9,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि अनंग पाल सिंह तीन भाई हैं। बड़े भाई के बेटे की पत्नी का सारा किया धरा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।