औरैया में टीन शेड पर गिरी कच्चे मकान की दीवार, नीचे सो रहे एक ही परिवार के 5 लोग मलबे में दबे
औरैया के छीतापुर गांव में एक कच्चे मकान की दीवार टीन शेड पर गिरने से नीचे सो रहे एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए। सभी घायलों को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पड़ोसी की कच्चे मकान की एक मंजिल ऊंची इमारत की दीवार सीमेंटेड टीन शेड पर गिरी।
HighLights
औरैया के छीतापुर में कच्चे मकान की दीवार गिरी।
टीन शेड के नीचे सो रहे 5 लोग मलबे में दबे।
पुलिस और ग्रामीणों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
संवाद सहयोगी, अजीतमल। ग्राम छीतापुर में सोमवार देर रात घर के आंगन में टीन शेड के नीचे सो रहे एक ही परिवार के पांच लोग पड़ोसी की कच्चे मकान की इमारत की दीवार भरभराकर गिरने से मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर स्वजनों और पड़ोसियों ने किसी तरह राहत-बचाव शुरू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकालकर सीएचसी अजीतमल पहुंचाया।
ग्राम छीतापुर निवासी धीरेंद्र सिंह सेंगर सोमवार रात अपनी पत्नी प्रीति, पुत्री आरती, अंकिता और पुत्र अंकुश के साथ रोज की तरह घर के आंगन में टीन शेड में सो रहे थे। देर रात करीब सवा बारह बजे पड़ोसी की एक मंजिला कच्चे मकान की दीवार भरभरा कर टीन शेड के ऊपर गिर गई।
दीवार गिरते ही धीरेंद्र सिंह समेत परिवार के पांचों सदस्य मलबे में दब गए। घर के बाहर बने कमरे में सो रहे धीरेंद्र के बड़े भाई विपिन और उनकी पत्नी पूजा ने चीख-पुकार सुनी तो तत्काल मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पड़ोसियों को बुलाकर मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को घटना की सूचना दी। तभी सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार, कोतवाल विनोद राजपूत, हमराही विकास यादव व सुंदर तथा फायर कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस और फायर कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया। डाक्टर ने धीरेन्द्र को रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद स्वजन ने आरोप लगाया कि जर्जर कच्ची दीवार को हटाने के लिए संबंधित लोगों से कई बार कहा गया था, लेकिन दीवार नहीं हटाई गई। उनका कहना है कि दो दिन पहले भी दीवार से कुछ ईंटें गिर चुकी थीं। उस समय भी मकान के बाहर रहने वाले लोगों को दीवार की जर्जर हालत के बारे में अवगत कराया गया था। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। दीवार गिरने से हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजस्व लेखपाल अमित तिवारी के साथ सीएचसी पहुंचे नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर शासनादेश के अनुसार जो भी राहत होगी वह प्रदान की जाएगी। पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।
