जहरखुरानी रोकने को रेलवे और रोडवेज अलर्ट, औरैया में स्टेशनों और बस अड्डों पर बढ़ी चौकसी
दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर रेलवे और रोडवेज प्रशासन जहरखुरानी की घटनाओं को रोकने ...और पढ़ें
-1793951947232_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
जागरण संवाददाता, औरैया। दीपावली और छठ पर्व पर घर लौटने वाले लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे और रोडवेज प्रशासन सतर्क हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा के साथ जहरखुरानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है। बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को अनजान लोगों से खाने-पीने की वस्तुएं नहीं लेने की सलाह दी जा रही।
त्योहार के दौरान दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और अन्य महानगरों से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों को लौटते हैं। इस दौरान बसों और ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से असामाजिक तत्वों की सक्रियता की आशंका रहती है।
ऐसे में यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा के साथ खानपान को लेकर भी सावधान रहने की जरूरत है। रोडवेज बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों से अपील की जा रही है कि रास्ते में किसी अनजान व्यक्ति से चाय, पानी, बिस्कुट या अन्य खाद्य सामग्री न लें। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर चालक, परिचालक या पुलिस को सूचना दें।
रेलवे परिसर में भी यात्रियों को सतर्क रहने और अनजान लोगों पर भरोसा न करने की सलाह दी जा रही है। यात्रियों से अपील है कि परेशानी होने पर रेलवे सुरक्षा कर्मियों और हेल्पलाइन की मदद लें। परिवहन और रेलवे प्रशासन का जोर है कि त्योहार पर सुरक्षित यात्रा के लिए यात्रियों की जागरूकता भी उतनी ही जरूरी है जितनी सुरक्षा व्यवस्था।