Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कौन बनेगा राम मंदिर का CEO ? 11-12 अगस्त को होगा फाइनल, अयोध्या में 18 आवेदकों का अंतिम साक्षात्कार

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 10:19 AM (IST)

    श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए 5200 से अधिक आवेदनों में से 18 दावेदारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए अयोध्या बुलाया गया है। यह ...और पढ़ें

    राम मंदिर। सौजन्य से ट्रस्ट।

    राम मंदिर। सौजन्य से ट्रस्ट।

    HighLights

    1. श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट सीईओ पद के लिए 18 दावेदार अंतिम चरण में।

    2. अयोध्या में 11 और 12 अगस्त को होगा अंतिम साक्षात्कार।

    3. सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी के सीईओ बनने की प्रबल संभावना।

    लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए आए आवेदनों की स्क्रूटनी पूरी कर ली गई। छंटनी के पश्चात लगभग 54 दावेदारों का प्राथमिक तौर पर चयन समिति के सदस्यों ने साक्षात्कार भी किया। इनमें से 18 लोगों को अंतिम साक्षात्कार के लिए अयोध्या बुलाया गया है। यह साक्षात्कार 11 व 12 अगस्त को रामजन्मभूमि परिसर में होगा।

    ट्रस्ट सदस्यों की उपस्थिति में यह फाइनल इंटरव्यू चयन समिति के तीनों सदस्य करेंगे। इसके पश्चात तीन नामों का पैनल तैयार होगा, जिसे दो सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में अंतिम सहमति प्रदान की जाएगी।

    11 व 12 को इंटरव्यू लेंगे चयन समिति के सदस्य

    गत जून माह में राम मंदिर के दानपात्रों की धनराशि की गणना के दौरान चोरी उजागर होने के पश्चात दो ट्रस्टियों का त्यागपत्र हुआ, तो मंदिर व्यवस्था के निरापद संचालन के लिए देश के अन्य मंदिरों की भांति राम मंदिर में भी मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया।

    छह जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में सीईओ के चयन के लिए सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली के नेतृत्व में तीन सदस्यीय चयन समिति गठित हुई। इसमें महाराष्ट्र के शिरडी साईं मंदिर में पूर्व में अपना योगदान दे चुके डॉ. सुरेश हावड़े और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी को सदस्य बनाया गया।

    सीईओ पद के लिए आए 5200 से अधिक आवेदनों की स्क्रूटनी पूरी

    समिति ने गत 13 जुलाई को आवेदन आमंत्रित किए, जिसके सापेक्ष अंतिम तिथि 18 जुलाई तक देश के अलग-अलग क्षेत्रों और विभिन्न सेवाओं में योगदान दे चुके सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारियों, निजी संस्थानों में कार्यरत लोगों ने आवेदन किया। लगभग 5200 आवेदनों की चयन समिति ने लंबे समय तक स्क्रूटनी की। इसमें वांछित अर्हताएं रखने वाले आवेदकों का प्राथमिक साक्षात्कार लिया गया।

    खबरें और भी

    सूत्रों ने बताया कि समिति सदस्यों ने लगभग 54 लोगों का ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से इंटरव्यू किया। इसमें अंतिम साक्षात्कार के लिए तीनों नामों के सापेक्ष छह-छह आवेदकों को अयोध्या बुलाया गया है।

    यह भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे गाजियाबाद से बंद, NH-9 और ईस्टर्न पेरीफेरल से ट्रैफिक चालू

    यह भी पढ़ें- 'फूल नहीं हमारी आस्था का हुआ सम्मान', मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत से गदगद हुए कांवड़िए

    प्राथमिक साक्षात्कार में चयनित किए गए 18 उम्मीदवार

    यह साक्षात्कार रामजन्मभूमि परिसर में 11 व 12 अगस्त को होगा। इसके लिए समिति के तीनों सदस्य दस अगस्त की शाम तक आ जाएंगे। समिति में शामिल एक सदस्य ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट संख्या बताने से मना कर दिया, परंतु यह अवश्य बताया कि साक्षात्कार के लिए बुलाए गए लोगों की संख्या 20 से कम है। आवेदकों को सुबह दस बजे से पहले पहुंचने को कहा गया है।

    तीन नामों का पैनल तैयार करके ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन व कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि को दिया जाएगा। ट्रस्टी आगामी बैठक में सीईओ का चयन करेंगे।

    सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी के ही सीईओ बनने की संभावना

    चयन समिति के एक सदस्य ने इंटरव्यू के लिए बुलाए गए किसी व्यक्ति के बारे में स्पष्ट सूचना देने से इन्कार किया, परंतु उनका कहना था कि अंतिम साक्षात्कार में सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं। ऐसे में सरकारी सेवा से रिटायर किसी व्यक्ति के ही सीईओ बनने की पूरी संभावना जताई जा रही। दरअसल, समिति के सदस्यों का भी मानना है कि धार्मिक प्रवृत्ति का कोई प्रशासनिक अधिकारी ही मंदिर की व्यवस्थाओं का संचालन बेहतर ढंग से कर सकता है।