अयोध्या में नेशनल हाईवे पर ट्रक का टायर फटने से भीषण हादसा, छह-सात वाहन आपस में टकराए
ट्रक में फंसे चालक राम अवतार और परिचालक अर्जुन सिंह को क्रेन की मदद से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ...और पढ़ें

अनियंत्रित ट्रक रोडवेज बस समेत छह से सात वाहनों से टकरा गया
HighLights
ट्रक चालक व परिचालक गंभीर, कुछ देर तक बाधित रहा यातायात
लखनऊ से अयोध्या की ओर जा रहे ट्रक का अगला टायर फटा
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम नगरी में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक से पहले बड़ा हादसा टल गया। यहां भेलसर में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रविवार देर रात ट्रक का अगला टायर फटने से भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन ट्रक के चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर अनियंत्रित ट्रक रोडवेज बस समेत करीब छह से सात वाहनों से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक व परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।
हादसा रुदौली कोतवाली क्षेत्र की भेलसर चौकी अंतर्गत राम नरेश होटल ओवरब्रिज के पास हुआ। जानकारी के अनुसार ट्रक (यूपी 83 सीटी 7911) लखनऊ से अयोध्या की ओर जा रहा था। ओवरब्रिज के निकट पहुंचते ही ट्रक का बायां अगला टायर फट गया। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क किनारे सवारियां उतार रही रोडवेज बस (यूपी 78 केटी 8398) में जा घुसा।
यह टक्कर इतनी तेज थी कि बस के आगे खड़ी कार (यूपी 51 बीयू 9230), उसके आगे खड़ी कार (यूपी 42 बीएक्स 6767) समेत करीब छह से सात वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। ट्रक में फंसे चालक राम अवतार और परिचालक अर्जुन सिंह को क्रेन की मदद से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।
घटनास्थल पर उपजिलाधिकारी संतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी अरविंद्र सोनकर, प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, चौकी प्रभारी युवराज सिंह सहित रुदौली सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौजूद रही। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।