‘अब हनुमानजी गदा उठाएं और चढ़ावा चोरों का करें फैसला’, अजय राय ने भाजपा पर कसा तंज
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अयोध्या में हनुमानगढ़ी और रामजन्मभूमि के दर्शन किए।
-1787548031901_m.webp)
अजय राय ने हनुमानगढ़ी में किए दर्शन-पूजन।
HighLights
अजय राय ने हनुमानगढ़ी और रामजन्मभूमि के दर्शन किए।
हनुमानजी से चढ़ावा चोरों पर कार्रवाई की प्रार्थना की।
राम मंदिर को व्यापार का केंद्र न बनाने की मांग।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल प्रभारी अभिषेक दत्त तथा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह रविवार को रामनगरी पहुंचे।
महानगर की सीमा पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, महानगर अध्यक्ष सुनीलकृष्ण गौतम तथा पीसीसी सदस्य राजेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत किया गया। इन नेताओं ने हनुमानगढ़ी तथा रामजन्मभूमि पहुंच दर्शन-पूजन किया।
इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि उन्होंने हनुमानजी से देश और प्रदेश में अत्याचार एवं अन्याय के खिलाफ कार्रवाई की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें सरकार पर नहीं, बल्कि हनुमानजी पर भरोसा है। हनुमानजी अपनी गदा उठा कर चढ़ावा चोरों का फैसला करें।
प्रदेश अध्यक्ष ने चढ़ावा चोरी के मामले में भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चढ़ावे की चोरी के आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राम मंदिर में सीईओ की नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए धर्माचार्यों की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर को व्यापार का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा।
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर अजय राय ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा, लेकिन कांग्रेस भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी।
उन्होंने बढ़ती महंगाई, चीनी एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद महंगाई और जनहित के मुद्दों को लेकर देश और प्रदेश में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
स्वागत करने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा, पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्र, जिला प्रवक्ता शीतला पाठक, सेवादल जिला अध्यक्ष फ्लावर नकवी, सेवा दल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्र, अनिल तिवारी, अश्वनी सिंह मधुर, वेद सिंह कमल, रुद्रप्रताप सिंह, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, सुरेंद्र प्रताप सिंह सैनिक, धीरेंद्र सिंह बबलू, भीम शुक्ला, रणजीत सिंह, राम सागर रावत, विवेक शर्मा, अशोक शर्मा, मोहम्मद आमिर, डा. विनोद गुप्त आदि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
