Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चढ़ावा चोरी : अविनाश शुक्ल को मुख्य आरोपित बना सकती है पुलिस, इसी के पास दिखाई सबसे ज्यादा नकदी और डॉलर

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 06:41 AM (IST)

    पुलिस चढ़ावा चोरी मामले में अविनाश शुक्ल को मुख्य आरोपित बना सकती है, जिसके पास से सर्वाधिक 20 लाख रुपये नकद और 1121 यूएस डॉलर बरामद हुए थे। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. अविनाश शुक्ल से सर्वाधिक 20 लाख नकद, 1121 डॉलर बरामद।

    2. पुलिस ने अविनाश की एक दिन की कस्टडी रिमांड ली।

    3. पूछताछ से चोरी के अन्य रहस्यों का होगा खुलासा।

    जागरण संवाददाता, अयोध्या। चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही पुलिस ने प्राथमिकी में आठ कर्मियों व एक अज्ञात को तो शामिल किया है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपित की मुख्य भूमिका नहीं दिखाई गई है। यानी इस मामले का अभी कोई मुख्य आरोपित सामने नहीं आया है। पुलिस ने अदालत में दाखिल की गई फर्द बरामदगी में गिरफ्तारी के समय सर्वाधिक 20 लाख रुपये की नकदी व 1121 यूएस डालर की बरामदगी अविनाश शुक्ल के पास से दिखाई है।

    अन्य आरोपितों के पास से भी नकदी व आभूषण मिले हैं, परंतु विदेशी मुद्रा नहीं। वहीं, सुभाष श्रीवास्तव के पास से कुछ नहीं और रामशंकर यादव टिन्नू के कब्जे से केवल एक लाख रुपये ही मिले हैं। ऐसे में सर्वाधिक भूमिका अविनाश की ही सामने आ रही है। जिस कौशलपुरी में धनराशि के बंटवारे का आरोप लगता रहा है, वहां अविनाश भी अपने भाई अभिषेक के साथ रहता था।

    पूछताछ में मिले अहम साक्ष्य

    पुलिस को अविनाश के परिजनों से पूछताछ में कुछ ऐसे भी साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर न केवल उससे बुधवार को जेल में पूछताछ की गई, बल्कि गुरुवार को न्यायालय ने उसकी एक दिन की कस्टडी रिमांड भी स्वीकृत कर दी है। इसके लिए पुलिस ने आवेदन दिया था। माना जा रहा कि पुलिस अविनाश से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य रहस्यों को सामने लाएगी।

    इससे पूछताछ के बाद ही पूरा मामला उजागर होगा कि अविनाश किसके कहने पर ऐसा कर रहा था। उसे किसका संरक्षण था और उसकी इस कारस्तानी में कितने लोग शामिल रहे। उसने चढ़ावा का धन चुराकर कहां-कहां संपत्तियां बनाईं।

    पुलिस सूत्रों का कहना है कि अभी तक की जांच में यह सामने आया है कि सर्वाधिक नकदी अविनाश ही चुराता रहा। इसी कारण इसके पास से सबसे ज्यादा धन भी मिला है। ट्रस्ट कर्मियों ने भी पांच जून को इसके घर से नकदी बरामद की थी, जिसका वीडियो अब प्रसारित है।

    खबरें और भी