विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या दीपोत्सव के 10वें संस्करण में एक्टर गगन मलिक बनेंगे राम, ईशिता गांगुली निभाएंगी सीता का किरदार

Published: Fri, 06 Nov 2026 10:35 PM (IST)

अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, जिसमें अभिनेता गगन मलिक राम और ईशिता गांगुली सीता का किरदार निभाएंगी।

दसवें दीपोत्सव में अभिनेता गगन मलिक बनेंगे राम।

दसवें दीपोत्सव में अभिनेता गगन मलिक बनेंगे राम।

HighLights

  1. 10वें दीपोत्सव की तैयारियां पूरी, अयोध्या में भव्य आयोजन।

  2. गगन मलिक राम, ईशिता गांगुली सीता का किरदार निभाएंगे।

  3. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपराष्ट्रपति होंगे मुख्य अतिथि।

रमाशरण अवस्थी, अयोध्या। दीपोत्सव के दसवें संस्करण को पहले से अधिक दिव्य और भव्य बनाने की संपूर्ण तैयारियां पूरी हो गईं। राम की पैड़ी सहित 56 सरयू घाटों पर दीये बिछ गए। चहुंओर दीपोत्सव का उजास व उल्लास दिखने लगा।

शनिवार शाम रामकथा पार्क में पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकाप्टर से आगमन पर भगवान श्रीराम, माता सीता, शेषावतार लक्ष्मण व हनुमानजी के स्वरूपों के अभिनंदन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन व अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ अपराह्न तक पहुंच जाएंगे।

इस बार अभिनेता गगन मलिक भगवान श्रीराम बनने जा रहे, तो अभिनेत्री ईशिता गांगुली सीता, अभिनेता दिशांक अरोरा लक्ष्मण और अभिनेता निर्भय वाधवा रामभक्त हनुमान जी की भूमिका का निर्वहन करेंगे। सभी कलाकार अयोध्या पहुंच चुके हैं।

वर्ष 2017 से रामनगरी में भगवान श्रीराम के लंका विजय के पश्चात अयोध्या वापसी की खुशियां भव्य दीपोत्सव के साथ मनाई जा रही हैं। प्रतिवर्ष सरयू घाटों पर अधिकाधिक दीये प्रज्वलित कर रामनगरी नए रिकॉर्ड बनाती रही है।

इस दीपोत्सव का प्रारंभ भगवान श्रीराम, माता सीता व लक्ष्मण सहित हनुमान जी के स्वरूपों के अभिनंदन व आरती से होता है। रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री अपने आराध्य भगवान श्रीराम का राजतिलक करते हैं। इसी के बाद स्वयंसेवकों के साथ अयोध्यावासी दीप प्रज्वलन करते हैं। पर्यटन विभाग की ओर से सभी स्वरूपों को धारण करने वाले पात्रों को चयनित कर लिया गया।

अभिनेता गगन मलिक भगवान श्रीराम का स्वरूप धारण कर अयोध्यावासियों के साथ खुशियां मनाएंगे। मलिक को धारावाहिक श्रीसिद्धार्थ गौतम में गौतमबुद्ध का किरदार निभाने के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से आयोजित विश्व बौद्ध फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिल चुका है। दिल्ली में जन्मे और मुंबई में रहने वाले मलिक ने 2012 में निर्मित टीवी श्रृंखला रामायण में श्रीराम की भूमिका भी निभाई है।

वहीं, सीता बनने वाली अभिनेत्री ईशिता गांगुली ने कई धारावाहिकों व वेब सीरीज में दमदार अभिनय किया है। कोलकाता की गांगुली को धारावाहिक बड़ी हवेली की छोटी ठकुराइन में चमकेली किरदार के लिए भी जाना जाता है।

हनुमान बनने वाले जयपुर के अभिनेता निर्भय वाधवा ने महाभारत में दुशासन, संकटमोचन महाबली हनुमान व जय हनुमान संकटमोचन नाम तिहारो धारावाहिक में हनुमान के पात्र का अभिनय किया है।

अभिनेता दिशांक अरोरा भी कई धारावाहिकों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं। उन्हें बालिका वधू, लव ने मिला दी जोड़ी, पुनर्विवाह और कैसी ये यारियां जैसे टीवी धारावाहिकों से जाना जाता है। वह कुछ फिल्में भी कर चुके हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।