Ayodhya Deepotsav 2026 Live: दीपोत्सव से जगमगाई रामनगरी, यूपी टूरिज्म के ड्रोन शो ने मोहा मन; देखें तस्वीरें
Ayodhya Deepotsav 2026 Live: अयोध्या में शनिवार को राम मंदिर में दीपोत्सव का तीसरा संस्करण आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सरयू के 56 घाटों पर 30 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या राम की पैड़ी पर लेजर शो का दृश्य: जागरण
Ayodhya Deepotsav 2026 Live| अयोध्या। त्रेता युग का प्रसंग शनिवार को रामकथा पार्क के मंच पर एक बार फिर से जीवंत होगा। सरयू के 56 घाटों पर 30 लाख दीप प्रज्वलित कर अयोध्या संपूर्ण विश्व को अपनी सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक वैभव का संदेश दे रही है।
नीचे पढ़ें दीपोत्सव 2026 के लाइव अपडेट्स और देखें मनमोहक तस्वीरें-
30 लाख से अधिक दीपों की विहंगम छटा
सीएम के पहुंचने के साथ ही स्वयंसेवक योगी योगी के नारे लगाने लगे। मंच पर विराजित मुख्य अतिथि उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी अलौकिक छटा को निहारते रहे। 56 घाटों पर जलते 30 लाख से अधिक दीपों की छटा विहंगम रही।
मुख्यमंत्री योगी ने की सरयू की आरती

घाटों पर कतार में जले दीये
अल्प समय ही में जलते दीयों की प्रदीप्ति से राम की पैड़ी स्वर्णिम आभा से प्रदीप्त हो गई। स्वयंसेवक भजन गाते व झूमते दिखे। जैसे जैसे दीप जले, पैड़ी का जल भी सतरंगी हो गया। रामकी पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट व विस्तारित रामकी पैड़ी के घाटों पर कतार में दीये जल उठे।
30 लाख से अधिक दीयों से आलोकित हुई रामनगरी
सूर्य ढलने के साथ ही राम की पैड़ी पर कौतूहल बढ़ गया। जैसे ही शुभता का दीया प्रज्वलित हुआ, वैैसे ही उद्घोषक ने 33 हजार स्वयंसेवकों को अपने अपने घाट पर दीप प्रज्वलित करने को कहा। देखते ही देखते जय श्रीराम के उद्घाेष के बीच स्वयंसेवकों ने निर्धारित समय के भीतर दीये जला दिए।
संत बोले- मुख्यमंत्री योगी के कारण सुरक्षित है हिंदू धर्म और संस्कृति
दीपोत्सव में राम कथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संतों का सम्मान किया। उन्होंने संतों को मिष्ठान, दक्षिणा और उपहार भेंट किए। संतों ने अयोध्या के विकास, धर्म-संस्कृति के संरक्षण और दीपोत्सव को नया स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की। सुग्रीव किला के महांत स्वामी विश्वेष प्रपन्नाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कारण हिंदू धर्म, संस्कृति और हिंदू समाज सुरक्षित हैं।
यूपी टूरिज्म के ड्रोन शो ने मोहा मन

यूपी टूरिज्म के ड्रोन शो में पुष्पक विमान की झलक

यूपी टूरिज्म के ड्रोन शो में भरत मिलाप का नजारा

बहांपुर काली मंदिर पर जले दीप

जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान

रामचरितमानस की चौपाई 'प्रथम तिलक वसिष्ठ मुनि कीन्हा, पुनि सब विप्रन्ह आयसु दीन्हा...' की परंपरा के अनुरूप उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम का तिलक कर राज्याभिषेक किया। इस अलौकिक क्षण के साक्षी बने संत-महंतों और श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान कर दिया।
मुख्यमंत्री योगी ने खींचा भगवान राम का रथ

अयोध्या में प्रतीकात्मक रूप से प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण रथ पर सवार हुए तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं रामरथ खींचा। रथ को रामकथा पार्क स्थित भव्य रामदरबार के मंच तक लाया गया।
शोभायात्रा के दौरान सेल्फी

हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा

रामपथ पर शोभायात्रा देखने उमड़े श्रद्धालु

रामकथा पार्क में जयश्रीराम का उद्घोष करती वानर सेना

मंच पर उपराष्ट्रपति और राज्यपाल का स्वागत
मंच पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पहुंचीं। यहां सीएम योगी ने उपराष्ट्रपति को अंगवस्त्र व स्मृतिचिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान के स्वरूप का तिलक करने के बाद आरती उतारी।
दीपों में बाती और तेल डालने का काम पूरा
राम की पैड़ी पर दीपों में बाती और तेल डालने का काम लगभग पूरा हो गया है। दीपोत्सव का इतंजार अब खत्म होने वाला है। कुछ देर बाद यहां दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकॉप्टर से पहुंचे 'भगवान राम'
14 वर्ष के वनवास के बाद सीता जी, लक्ष्मण और हनुमान जी के साथ पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकॉप्टर से भगवान राम अयोध्या में राम कथा पार्क के निकट हेलीपैड पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, खाद्य,रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा, विधायक देव प्रकाश गुप्ता, विधायक रामचंद्र यादव, विधायक अभय सिंह, विधायक डॉ अमित सिंह चौहान ने भगवान के स्वरूप की अगवानी की।
रामायणकालीन प्रसंग दिखाने काे तैयार एलईडी

उत्सव की पहली सीढ़ी पार

शुक्रवार शाम तक निर्धारित 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीपों को बिछाया गया। निर्धारित समय सीमा के भीतर उत्सव की पहली सीढ़ी पार की गई। शाम होते ही दीपोत्सव स्थल भव्यता देखते ही बन रही थी। रोमांचकारी विभिन्न शो आकर्षण का केंद्र रहे।
रावण जटायु युद्ध का मनोहारी चित्रण

भव्य झांकी की झलक

साकेत महाविद्यालय से निकली झांकी

साकेत महाविद्यालय से निकली झांकी में प्रस्तुति देते कलाकार: जागरण
पहली बार दीपोत्सव में 151 वर्ष पुरानी रामलीला का मंचन
2100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से आसमान में रामायण के प्रसंगों का सजीव चित्रण किया जाएगा। रामकथा पार्क के निकट 220 टन बालू से निर्मित विशाल राम दरबार की प्रतिकृति भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी। पहली बार दीपोत्सव में 151 वर्ष पुरानी साहबगंज रामलीला का मंचन होगा।
56 घाटों पर सज्जित किए गए 30 लाख से अधिक दीये
रामायणकालीन प्रसंगों पर सजीं, विरासत के गौरवगान के साथ विकास की दमक बिखेरने वालीं 21 झांकियां श्रद्धालुओं के मन को झंकृत करेंगी। राम राज्याभिषेक के बाद शाम को राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर सज्जित किए गए 30 लाख से अधिक दीये प्रज्वलित होंगे।
उत्सव को विशिष्ट स्वरूप देंगे जगमगाते घाट
दीपों की रोशनी से जगमगाते घाट, रामायण के प्रसंगों पर आधारित झांकियां, लेजर-शो, ड्रोन-शो और रामकथा की भावपूर्ण प्रस्तुतियां उत्सव को विशिष्ट स्वरूप देंगी।
समारोह का हिस्सा बनेंगे माननीय
सीएम योगी के साथ उप मुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान सहित कई विधायक व भाजपा पदाधिकारी समारोह का हिस्सा बनेंगे।
राम मंदिर में दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ
मुख्य अतिथि उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम मंदिर में दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
