अयोध्या दीपोत्सव 2026: दीपों के अनुष्ठान में चमक बिखेर रहीं बेटियां, इस बार ऐतिहासिक होगा उत्सव
अयोध्या में दीपोत्सव के दसवें संस्करण में 35 हजार स्वयंसेवकों में लगभग नौ हजार छात्राएं शामिल हैं, जो घाटों पर दीये सजाने में जुटी हैं।

HighLights
10वें दीपोत्सव में छात्राओं की सहभागिता बढ़ी।
35 हजार स्वयंसेवकों में 9 हजार छात्राएं शामिल।
बेटियां उत्साह से घाटों पर दीये सजा रहीं।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। दीपोत्सव के दसवें संस्करण में आधी आबादी की सहभागिता बढ़ गई है। 35 हजार स्वयंसेवकों में इस बार लगभग नौ हजार छात्राएं हैं, जो इस उत्सव को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटी हैं।
गुरुवार को कुछ घाटों पर छात्रों से अधिक छात्राएं दिखीं, जो सिर पर सफेद टोपी लगाए घाट पर बैठकर चुपचाप एक-दूसरे का सहयोग करतीं हुई दीयों से घाटों को अलंकृत करती दिखीं।
कतार में कुछ गड़बड़ होता, तो वहां खड़े घाट समन्वयक झट टोंकते, इस पर बेटियां तुरंत पीछे जाकर दीपों की कतार को ठीक करतीं। फिर उसी उत्साह से आगे दीप बिछाने लगतीं।
यह क्रम घाट दर घाट चलता रहा। चौधरी चरण सिंह घाट पर दीया सज्जित करती शिखा,वैष्णवी, नैंसी, प्रियांशी, सगुन, प्रभा, सविता मिलीं। शिखा ने दीपोत्सव में प्रतिभाग करने को अपना सौभाग्य बताया। वह दो वर्षों से इसमें हिस्सा ले रही हैं। बोली, बहुत आनंद है।
अब सात नवंबर को दीप जलाने की प्रतीक्षा है। वैष्णवी व नैंसी ने दीपोत्सव के क्षण की कल्पना करते हुए इसे अद्भुत करार दिया। बताया हमने निर्धारित दीपों को बिछा दिया है।
शुक्रवार को अंतिम तैयारी कर शनिवार को दीप में तेल व बाती लगा इसे जलाएंगे। सुगन बोल चहक कर बोलीं कि हमारी तैयारी पूरी है। प्रधानाचार्य अवनि कुमार शुक्ला ने बताया कि हमारे विद्यालय से अधिकांश बेटियां आईं हैं, जो रुचिपूर्वक दीपों को सजा रहीं हैं।