Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चार दिन में पौने पांच लाख भक्तों ने Ayodhya Ram Mandir की धर्म ध्वजा का किया दर्शन

    By Rama Sharan Awasthi Edited By: Dharmendra Pandey
    Updated: Sun, 30 Nov 2025 06:44 PM (IST)

    Devotee Exceeded For Ram Mandir Darshan After Dharma Dhwaja: राम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों के निर्माण की पूर्णता पर आयोजित हुए भव्य उत्सव के मध्य 25 न ...और पढ़ें

    भव्य-दिव्य राम मंदिर के स्वर्ण शिखर पर फहरा रही धर्म ध्वजा

    भव्य-दिव्य राम मंदिर के स्वर्ण शिखर पर फहरा रही धर्म ध्वजा

    HighLights

    1. राम मंदिर के स्वर्ण शिखर पर ध्वजारोहण के बाद दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ी

    2. हर किसी में बढ़ रही पूर्ण राम मंदिर और रामलला के दर्शन की अभिलाषा

    लवलेश कुमार मिश्र, जागरण अयोध्या : जन्मभूमि पर निर्मित हो चुके भव्य-दिव्य राम मंदिर की पूर्णता और इसके स्वर्ण शिखर पर फहरा रही धर्म ध्वजा के दर्शन को लेकर रामभक्तों में बड़ी उत्सुकता दिख रही है।

    ध्वजारोहण के अगले दिन से शुरू हुआ बड़ी संख्या में भक्तों के आगमन का क्रम चार दिन बाद भी जारी है। अयोध्या में 25 नवंबर के बाद से अब तक लगभग चार लाख 83 हजार भक्तों ने रामलला के साथ ही धर्म ध्वजा का भी दर्शन किया है। मंदिर पहुंचने वाला प्रत्येक भक्त अब प्रांगण में प्रवेश के पहले स्वर्ण शिखर को प्रणाम करना नहीं भूल रहा है।

    राम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों के निर्माण की पूर्णता पर आयोजित हुए भव्य उत्सव के मध्य 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राम मंदिर के 191 फीट ऊंचे स्वर्णमंडित मुख्य शिखर पर धर्म ध्वजा का आरोहण किया था। अधिसंख्य रामभक्त इस अप्रतिम क्षण के साक्षी बने थे। किसी को इसे साक्षात देखने का अवसर मिला था, तो अधिकांश ने इंटरनेट मीडिया के विभिन्न माध्यमों से इस क्षण को अपने हृदय में संजोया।

    धार्मिक रूप से अति महत्वपूर्ण ध्वजारोहण उत्सव की लोकप्रियता अभी इंटरनेट मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर बनी हुई है। अब जबकि राम मंदिर का निर्माण पूर्ण हो गया और इस पर सनातन पताका भी लहराने लगी है, तो हर कोई इसका साक्षात दर्शन करने के लिए उत्सुक दिख रहा है। ध्वजारोहण के दिन तो अति विशिष्ट और आमंत्रित अतिथियों को ही दर्शन कराने के लिए सामान्य दर्शन स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अगले दिन 26 नवंबर को जैसे ही दर्शन शुरू हुआ, मंदिर में भक्तों की लंबी कतार लग गई।

    दर्शन समाप्त होने तक उस दिन लगभग एक लाख 90 हजार 630 भक्तों ने रामलला और स्वर्ण शिखर का दर्शन कर लिया था, जबकि 26 नवंबर को किसी भी पास के माध्यम से विशिष्टजन का दर्शन नहीं हुआ था। इसी तरह 27 नवंबर को लगभग एक लाख 20 हजार 230 भक्तों ने और 28 नवंबर को 82 हजार 530 दर्शनार्थियों ने दर्शन किया है।

    खबरें और भी

    ध्वजारोहण के चौथे दिन बाद शनिवार को भी देर शाम तक लगभग 90 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिया था। दर्शन का क्रम रात्रि नौ बजे तक चलता रहा। अब रविवार को भी अधिकांश दर्शन पास पहले ही बुक हो चुके हैं।

    राम जन्मभूमि की सुरक्षा का प्रभार संभाल रहे एसपी प्रोटोकाल अयोध्या प्रसाद सिंह ने बताया कि अब दर्शनार्थियों की संख्या लगभग सामान्य हो गई है। सप्ताहांत का दिन होने से रविवार को भी दर्शनार्थियों की संख्या अधिक रहने का अनुमान है।