अयोध्या चढ़ावा चोरी में तीन बैंककर्मियों की भूमिका संदिग्ध, दर्ज होगी प्राथमिकी
नई एसआईटी ने अयोध्या श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट को स्टेटस रिपोर्ट सौंपी है। पुलिस जल्द ही ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
नई एसआइटी ने सुप्रीम कोर्ट को चढ़ावा चोरी की स्टेटस रिपोर्ट सौंपी।
पुलिस की चार्जशीट में तीन बैंककर्मियों पर शिकंजा कसने के आसार।
कुछ ट्रस्ट कर्मियों और एक पदाधिकारी पर भी कार्रवाई संभव।
लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही नई एसआईटी ने स्टेटस रिपोर्ट सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत कर दी। इसी मामले में दर्ज प्राथमिकी के बाद जांच में जुटी पुलिस टीम भी शीघ्र अदालत में आरोप पत्र प्रस्तुत कर देगी। चार्जशीट में तीन बैंककर्मियों पर शिकंजा कसने के आसार हैं।
पुलिस की विवेचना में पहले सामने आए दो कर्मचारियों के अलावा एक अन्य कर्मी की भूमिका संदिग्ध मिली है। यह कर्मचारी भी गणना में संलग्न रहा है। पुरानी एसआइटी ने प्रारंभिक रिपोर्ट में दो कर्मियों के नाम सार्वजनिक किए थे, लेकिन तीसरे का नाम पुलिस जांच में उजागर हुआ है।
इसके साथ आरोपितों के बयान, सीसीटीवी फुटेज व साक्ष्यों के आधार पर दो से तीन ट्रस्ट कर्मी भी प्राथमिकी के दायरे में आ सकते हैं। इनमें एक ट्रस्ट पदाधिकारी पर भी कार्रवाई की संभावना है।
जून माह में सामने आई चढ़ावा चोरी की राज्य सरकार के आदेश पर पहले लखनऊ कमिश्नर विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में गठित विशेष जांच दल (एसआइटी) ने जांच की थी। इसी एसआइटी की प्रारंभिक रिपोर्ट पर गणना में संलग्न रहे छह गणना कर्मियों व दो ट्रस्ट कर्मियों के विरुद्ध ट्रस्टी कृष्ण मोहन ने 25 जून को प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
विवेचक सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम जांच कर ही रही थी कि 27 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने विभिन्न याचिकाओं का संज्ञान लेकर नई एसआइटी गठित करने का आदेश दिया था। लखनऊ आइजी किरण एस के नेतृत्व में गठित तीन सदस्यीय एसआइटी ने ट्रस्ट कर्मियों, पदाधिकारियों व बैंक कर्मियों से पूछताछ और पुलिस की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों व सीसीटीवी फुटेज की जांच के उपरांत सोमवार को स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत की है।
