पहले हनुमान चालीसा पढ़ा, फिर ट्रेन के आगे लगा दी छलांग: अयोध्या में रिटायर्ड बैंक मैनेजर ने की आत्महत्या
अयोध्या में एक सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक ने अवसादग्रस्त होकर इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की।
पत्नी की मृत्यु के बाद से अवसादग्रस्त थे अनिरुद्ध मुनि।
आत्महत्या से पूर्व हनुमान चालीसा का पाठ किया था।
संवाद सूत्र, अयोध्या। अवसादग्रस्त सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक ने ट्रेन से कट कर आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक गोसाईंगंज अभिमन्यु शुक्ल ने बताया कि ईशापुर गांव निवासी अनिरुद्ध मुनि पांडेय बैंक मैनेजर पद से सेवानिवृत्त हुए थे और अपने परिवार के साथ मकान बनवा कर गोसाईंगंज के समीप नगहरा में रहते थे।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की सुबह टंडौली रेलवे क्रॉसिंग के निकट पांडेय ने अपनी बाइक खड़ी कर उसे लाक किया। इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ किया और फिर इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगे कूद कर जान दे दी। हनुमान चालीसा की प्रति उनकी बाइक के पास मिली है।
घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि अनिरुद्ध मुनि पांडेय का परिवार ईसापुर गांव का सबसे सम्पन्न व संयुक्त परिवारों में एक है। तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर अनिरुद्धमुनि सेवाकाल में भी बहुत लोकप्रिय रहे।
अध्यात्म व पूजापाठ, भजन, कीर्तन में अधिक समय व्यतीत करते थे। बड़ा बेटा विवेकानंद प्रवक्ता व छोटा बेटा एयरफोर्स में ऑडिटर है। मृतक के छोटे भाई वशिष्ठ मुनि उन्नाव में प्रिंसिपल व बड़े भाई राम मुनि शिक्षक पद से रिटायर्ड हैं।
एक भतीजा नारकोटिक्स में इंस्पेक्टर है। परिवार संयुक्त है। ग्रामीणों ने बताया कि यह एक बहुत ही आदर्श परिवार है। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व पत्नी की मौत हो जाने के बाद इन्हें अनिद्रा जैसी बीमारी हो गयी और अवसाद में चले गए।
गांव के पूर्व प्रधान बब्बन पांडेय ने बताया कि दस दिन पूर्व उन्होंने बिजली का तार पकड़ लिया था। स्वजन ले जाकर इलाज कराया। बड़ा बेटा गहरे सदमे और बेहोशी की अवस्था में है।
यह भी पढ़ें- अयोध्या के मिल्कीपुर में बनेगा बस अड्डा, परिवहन मंत्री ने विधायक से मांगी जमीन
