अयोध्या में बनेगी नई फूड स्ट्रीट, गुरु गोविंद सिंह चौक फव्वारे का होगा जीर्णोद्धार
अयोध्या में कैंट रेलवे स्टेशन मार्ग पर भाजपा कार्यालय के पास एक नई फूड स्ट्रीट विकसित की जाएगी, साथ ही गुरु गोविंद सिंह चौक स्थित फव्वारे का कायाकल्प होगा।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। कैंट रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर भाजपा कार्यालय के निकट एक और फूड स्ट्रीट विकसित की जाएगी, वहीं गुरु गोविंद सिंह चौक स्थित फव्वारे का कायाकल्प कराया जाएगा।
रविवार को अशफाक उल्ला खान वार्ड में विशेष सफाई अभियान के दौरान महापौर महांत गिरीशपति त्रिपाठी ने अधिकारियों को इस आशय के निर्देश दिए। इस अवसर पर उनके साथ नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। महापौर ने जेल के पीछे स्थित पार्किंग स्थल पर सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
नगर निगम की ओर से जनसहयोग से स्वच्छता को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फेंकने, गीला-सूखा कचरा अलग रखने और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर नागरिकों की दैनिक आदत का हिस्सा बननी चाहिए। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों की जिम्मेदारी भी अहम है।
सफाई अभियान के बाद महापौर ने नगर निगम की टीम के साथ पैदल भ्रमण भी किया। स्टेशन रोड की ओर बढ़ने पर तालाब के सामने पीपल के वृक्ष के पास चबूतरा बनवाने का निर्देश दिया गया। यहां स्थित मार्केट हाउस के आसपास भी व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए गए।
तालाब एवं हरित क्षेत्र को साफ-सुथरा कर जनोपयोगी बनाने का सुझाव पार्षद अखिलेश पांडेय ने दिया। इस पर नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
भाजपा कार्यालय के निकट प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के लिए लाइट लगवाने का निर्देश भी महापौर ने दिया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे निर्मित नाली को ठीक कराने का निर्देश दिया गया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह चौक पहुंचने पर फव्वारे की बदहाल स्थिति देखकर महापौर ने नाराजगी जताई।
उन्होंने फव्वारे के कायाकल्प के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों और फुटपाथ दुकानदारों ने दुकान लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग रखी। पार्षद दीप कुमार ने भी मांग का समर्थन किया।
महापौर ने व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के लिए फूड प्वाइंट विकसित करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
