बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात: यूपी में दो दिन बाद फिर बदलेगा मौसम, अयोध्या में भारी बारिश की चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण अयोध्या सहित पूर्वी यूपी में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अयोध्या में 28-30 अक्टूबर तक बारिश, गरज-चमक का अनुमान।
बंगाल की खाड़ी में विकसित निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव।
किसानों को फसल सुरक्षा, जल निकासी की सलाह दी गई।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। बंगाल की खाड़ी में विकसित हुए निम्न दबाव के क्षेत्र का प्रभाव रामनगरी में भी दो दिन बाद दिखाई पड़ेगा। यहां 28 से 30 अक्टूबर के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। इससे खेती-किसानी को भी नुकसान होने की आशंका है।
आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 अक्टूबर से मौसम में बदलाव दिखेगा। गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई जा रही है। 29 व 30 अक्टूबर को भारी वर्षा हो सकती है।
पूर्वी यूपी में बारिश की चेतावनी
विज्ञानियों ने बताया कि चक्रवात का मुख्य प्रभाव आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में रहने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसका प्रभाव मुख्यतः बारिश और गरज-चमक के रूप में हो सकता है। यहां सीधे चक्रवाती तूफान के पहुंचने का संकेत नहीं है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सौरभ वर्मा ने कहाकि इसका प्रभाव खेती-किसानी पर पड़ सकता है। धान की पकी हुई फसल खेतों में गिर सकती है और जलभराव के कारण भी नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने किसानों से कटी हुई फसलों को अतिशीघ्र सुरक्षित कर लेने की सलाह दी है।
साथ ही दलहनी एवं तिलहनी फसलों के खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने को कहा है। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए पशुओं को खुले मैदान में नहीं भेजने की सलाह भी दी है।
यह भी पढ़ें- यूपी में कैसा रहेगा मौसम? कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।