चढ़ावा चोरी प्रकरण के बीच गोपाल राव की अयोध्या वापसी, रामलला के दर्शन कर चंपतराय से की मुलाकात
चढ़ावा चोरी प्रकरण के बीच गोपाल राव एक माह बाद अयोध्या लौटे और रामलला के दर्शन कर चंपतराय से मुलाकात की, जिससे हलचल बढ़ गई है।

HighLights
गोपाल राव एक माह बाद अयोध्या लौटे, रामलला के दर्शन किए।
चढ़ावा चोरी प्रकरण के बीच चंपतराय से मुलाकात की।
डॉ. अनिल मिश्रा की रामकोट परिक्रमा भी चर्चा का विषय बनी।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण के बीच गोपाल राव एक माह बाद रामनगरी वापस लौटे। बुधवार को गोपाल ने तीन लोगों के साथ रामलला के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निवर्तमान महासचिव चंपतराय से भी मुलाकात की।
दोनों के बीच हुई बातचीत का विवरण आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है, लेकिन इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। इस मुलाकात को चढ़ावा चोरी, मंदिर और संघ से जुड़े ताजा घटनाक्रम के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चढ़ावा चोरी की घटना सामने आने के बाद गोपाल राव 15 जुलाई को अयोध्या से बाहर चले गए थे। उनके दायित्व और कार्यक्षेत्र में बदलाव की चर्चा सामने आई थी।
चर्चाओं के मुताबिक, उनका केंद्र अयोध्या से बदल दिया गया है। ऐसे में करीब एक माह बाद उनकी आमद ने तमाम चर्चाओं को बल दे दिया है। मंदिर और संघ से जुड़े लोगों से वह दिनभर मुलाकात करते रहे।
चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच के बाद एसआईटी की रिपोर्ट शासन को सौंपे जाने और रिपोर्ट ट्रस्ट को उपलब्ध कराए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद राम मंदिर व्यवस्था से जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर चर्चा चल रही है।
गोपाल राव से एसआईटी पूछताछ कर चुकी है। ऐसे में गोपाल राव की रामनगरी वापसी को भी चढ़ावा चोरी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
रामकोट की परिक्रमा पर निकले डाॅ. अनिल मिश्रा
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व सदस्य डाॅ. अनिल मिश्रा बुधवार को रामकोट की परिक्रमा करते नजर आए। उन्होंने संतों और बड़ी संख्या में रामभक्तों के साथ रामकोट की परिक्रमा की।
परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु जय श्रीराम के जयकारे लगाते रहे। डा. अनिल मिश्रा ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। परिक्रमा के दौरान राममंदिर के मुख्य द्वार पर डा. अनिल मिश्रा का श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।
चढ़ावा चोरी प्रकरण में उनकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। वह श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य पद से इस्तीफा दे चुके हैं। जांच के दौरान मंदिर के चढ़ावे की निगरानी और प्रबंध को लेकर उनके नाम का भी उल्लेख सामने आ चुका है। इस बीच उनकी बढ़ी सक्रियता भी चर्चा का विषय बनी है।
राम मंदिर ट्रस्ट मामले में क्लीन चिट पर संजय सिंह के सवाल
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े जमीन सौदों में चंपत राय और अनिल मिश्रा को एसआईटी की ओर से क्लीन चिट दिए जाने की खबरों पर सवाल उठाए हैं। कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है, फिर क्लीन चिट की खबरें कैसे आईं?
संजय सिंह ने एसआईटी अध्यक्ष किरन एस. को पत्र लिखकर 20 से 23 अगस्त के बीच उन्हें 26 दस्तावेज सौंपने के लिए समय मांगा है। इनमें 13 पुराने और 13 नए दस्तावेज हैं। उनका दावा है कि इनमें दो करोड़ रुपये की जमीन पांच मिनट में 18.5 करोड़ रुपये में खरीदने समेत कई संदिग्ध सौदों के प्रमाण हैं। कहा कि जांच निष्पक्ष नहीं हुई तो सभी दस्तावेज लेकर सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। वह गुरुवार को लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे।
