विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ram Mandir Ayodhya: तेजी से बन रहा राम मंदिर का मुख्य शिखर, पढ़ें कहां तक पूरा हुआ काम

Published: Sun, 20 Oct 2024 06:33 PM (IST)

अयोध्या में राम मंदिर के मुख्य शिखर का निर्माण तेजी से हो रहा है। नवरात्रि से शुरू हुए निर्माण में ...और पढ़ें

राम मंदिर के मुख्य शिखर निर्माण के लिए संयोजित की गई पत्थरों की परत। सौ. ट्रस्ट
राम मंदिर के मुख्य शिखर निर्माण के लिए संयोजित की गई पत्थरों की परत। सौ. ट्रस्ट

HighLights

  1. रामजन्मभूमि परिसर में बन रहे देवी-देवताओं व सप्तर्षियों के मंदिरों के निर्माण ने भी पकड़ी गति
  2. दिसंबर तक सभी मंदिरों का कार्य पूरा होने की संभावना
  3. शेषावतार मंदिर का बनाया जा रहा प्लिंथ

जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर के मुख्य शिखर का निर्माण तेज गति से निरंतर आगे बढ़ रहा है। नवरात्र के दिन से प्रारंभ हुए शिखर निर्माण में अब तक शिलाओं की तीन परत का संयोजन पूरा हो गया। इसके साथ रामजन्मभूमि परिसर में बन रहे छह देवी-देवताओं व सप्तर्षियों के मंदिरों के निर्माण की गति भी तेज हो गई है। परिसर में प्रस्तावित शेषावतार लक्ष्मण जी के मंदिर का निर्माण भी प्रारंभ हो गया है। वर्तमान में इसका प्लिंथ (नींव) तैयार किया जा रहा है।

राम मंदिर के भूतल की प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत प्रथम व द्वितीय तल का भी निर्माण पूर्ण हो गया है। मंदिर के दोनों तलों पर वर्तमान में अंतिम चरण के कार्य चल रहे हैं। साथ ही स्तंभों पर आइकनोग्राफी के माध्यम से मूर्तियां उकेरी जा रहीं। नवरात्र के प्रथम दिन शिला पूजन के उपरांत मुख्य शिखर का निर्माण भी प्रारंभ हो गया था। इसके बाद से निरंतर टावर क्रेन के माध्यम से वजनी शिलाएं ऊपर पहुंचाई जा रही हैं।

एक परत के संयोजन में लग रहा छह दिन का समय

पत्थरों की प्रथम परत जहां 11 अक्टूबर को संयोजित की गई थी, वहीं 19 अक्टूबर को तीसरी परत में शिलाओं का संयोजन कर दिया गया है। अब चौथी परत बिछाई जा रही है। इसके निर्माण से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं के अनुसार पत्थरों की एक परत के संयोजन में लगभग छह दिन का समय लग रहा है।

मुख्य शिखर में कुल 29 परत में पत्थरों का संयोजन होना है। 100 फीट ऊंचे शिखर में 32 हजार घन फीट शिलाएं लगने का अनुमान है। जैसे-जैसे निर्माण होता जाएगा, इसकी परिधि घटती जाएगी।

दूसरी ओर, परिसर में बन रहे देवी-देवताओं व सप्तर्षियों के मंदिरों का निर्माण भी काफी तेज गति से हो रहा है। अब श्रमिकों की संख्या पहले से काफी बढ़ गई है, इसलिए कोई समस्या नहीं आ रही। वर्तमान में मौसम काफी अनुकूल है।

अभियंताओं का कहना है कि सभी मंदिरों का निर्माण दिसंबर माह तक पूर्ण हो जाने की संभावना है। वहीं, परिसर में ही प्रस्तावित शेषावतार मंदिर के निर्माण में कुछ समय लगेगा। अभी इसके आधार (प्लिंथ) का निर्माण किया जा रहा है। यह राम मंदिर व कुबेर टीले के मध्य बनाया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: UP ByPolls 2024: विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ेगी कांग्रेस! सभी 10 सीटों पर सपा को समर्थन देने का निर्णय

इसे भी पढ़ें: UP ByPolls 2024: उपचुनाव की घोषणा के बाद NDA में खींचतान, अपने सिंबल पर लड़ने पर अड़े संजय निषाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।