Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Milkipur By Election: मिल्कीपुर उपचुनाव की मतगणना आज, 30 राउंड चलेगी गिनती… मिलेगा 18वां विधायक

    Updated: Sat, 08 Feb 2025 02:42 AM (IST)

    मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की मतगणना शनिवार को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। मतगणना 14 टेबल पर होने से करीब 30 राउंड गिनती चलेगी। रुझान सुबह 10 ...और पढ़ें

    दोपहर तीन बजे तक परिणाम आ जाने की संभावना है।
    दोपहर तीन बजे तक परिणाम आ जाने की संभावना है।

    HighLights

    1. सुबह 10 बजे से मिलने शुरू हो जाएंगे रुझान
    2. उपचुनाव में कुल 10 प्रत्याशी मैदान में रहे

    जागरण संवाददाता, अयोध्या। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की मतगणना शनिवार को सुबह आठ बजे से राजकीय इंटर कालेज में शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने मतगणना की सभी तैयारी पूरी कर लिए जाने का दावा किया है। 

    414 मतदेय स्थलों की मतगणना 14 टेबल पर होने से करीब 30 राउंड गिनती चलेगी। रुझान सुबह 10 बजे से मिलने शुरू हो जाएंगे। उपचुनाव में कुल 10 प्रत्याशी मैदान में रहे हैं। 

    मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के चंद्रभानु पासवान व समाजवादी पार्टी के अजीत प्रसाद के बीच है। मिल्कीपुर से विधायक चुने गए अवधेश प्रसाद के फैजाबाद संसदीय सीट से सपा सांसद निर्वाचित हो जाने के बाद उपचुनाव हुआ है। दोपहर तीन बजे तक परिणाम आ जाने की संभावना है। 

    दूरगामी संदेश देगा मिल्कीपुर उपचुनाव का परिणाम

    प्रतिष्ठापरक मिल्कीपुर उपचुनाव में बुधवार को मतदान के बाद अब मतगणना की बारी है। जनादेश का शनिवार को पता चल जाएगा और मिल्कीपुर को नया विधायक मिलेगा, जो तीसरी बार उपचुनाव से चुन कर आएगा। यह विधायक मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 18वां जनप्रतिनिधि होगा। 

    सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद व भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान सहित 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहे। मुख्य मुकाबला भाजपा व सपा उम्मीदवार के बीच रहा है। मतदान वाले दिन से ही सपा लगातार उपचुनाव में धांधली का आरोप लगाकर पुलिस प्रशासन व निर्वाचन आयोग को निशाने पर ले रही है। 

    खबरें और भी

    हालांकि, मिल्कीपुर के मतदाताओं ने रिकॉर्ड मतदान कर उपचुनाव में कम वोटिंग की धारणा को तोड़ दिया है। इससे यहां के परिणाम में भी रिकार्ड बनने की उम्मीद दोनों दलों को हैं। दोनों दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। 

    खत्म होगी राजनीतिक जद्दोजहद

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां मिल्कीपुर उपचुनाव को अपनी नाक का सवाल बना लिया तो वहीं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ रखा है। दो माह से चल रही राजनीतिक जद्दोजहद परिणाम आने के बाद खत्म होगी। 

    इससे पहले मिल्कीपुर में वर्ष 1998 व वर्ष 2004 में उपचुनाव हुआ था। इन दोनों उपचुनावों के परिणाम सपा के पक्ष में रहे हैं। सपा प्रत्याशी के तौर पर रामचंद्र यादव ने दोनों उपचुनावों में जीत हासिल की। अब वह तीन बार से लगातार रुदौली से भाजपा विधायक हैं और इस चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा उम्मीदवार को जिताने की विशेष जिम्मेदारी उनके कंधों पर डाली थी।

    परिणाम उपचुनाव वर्ष 2004 

    सपा- रामचंद्र यादव - 89116 

    बसपा- आनंदसेन यादव - 54098 

    भाजपा- देवेंद्र मणि त्रिपाठी- 6751 

    परिणाम उपचुनाव वर्ष 1998 

    सपा- रामचंद्र यादव 36908 

    भाजपा- बृजभूषण त्रिपाठी - 33776 

    बसपा - दिनेश प्रताप सिंह - 33195

    यह भी पढ़ें: Milkipur Upchunav Result: 'मिल्कीपुर इतिहास बनाएगा...', रिजल्ट से पहले अवधेश प्रसाद का बड़ा दावा