यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मिल्कीपुर उपचुनाव में अजीत-चंद्रभानु समेत 10 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद, 65 प्रतिशत से अधिक मतदान
मिल्कीपुर विधानसभा उप चुनाव का मतदान संपन्न हो गया। 65 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के चंद्रभान ...और पढ़ें

HighLights
- सोशल मीडिया पर सपा के आरोपों का खंडन करते रहे अधिकारी
- मुख्य मुकाबला भाजपा-सपा के बीच, मैदान में उतरे थे 10 प्रत्याशी
जागरण संवाददाता, अयोध्या। आरोप-प्रत्यारोप के बीच मिल्कीपुर विधानसभा उप चुनाव का मतदान संपन्न हो गया। इंटरनेट मीडिया पर आरोपों से जुड़े वीडियो का जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर की ओर से खंडन किया गया। 65 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया।
मतदान के लिए 255 मतदान केंद्र
मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के चंद्रभानु पासवान और समाजवादी पार्टी के अजीत प्रसाद के बीच रहा। मौलिक अधिकार पार्टी के रामनरेश चौधरी, राष्ट्रीय जनवादी की सुनीता, आजाद समाज पार्टी के संतोष कुमार, अरविंद कुमार, कंचनलता, भोलानाथ, वेदप्रकाश व संजय पासी भी चुनाव मैदान में हैं। मतदाताओं ने इनकी किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद कर दिया है। मतदान के लिए 255 मतदान केंद्र व 414 मतदेय स्थल बनाए गए थे।

शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने का दावा
मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ। सुबह से ही मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की लाइनें लग गई थीं। मंडलायुक्त गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर समेत अन्य अधिकारी शांतिपूर्ण व भयमुक्त मतदान संपन्न कराने के लिए भ्रमणशील रहे।
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल अनुमानित 65.35 प्रतिशत वोट ईवीएम में कैद हुए, जो वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पड़े 60.23 प्रतिशत से 5.12 प्रतिशत अधिक है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने का दावा किया है।
खबरें और भी
.jpg)
रात 12 बजे तक जमा होंगी ईवीएम
मतदान समाप्ति के बाद राजकीय इंटर कॉलेज में ईवीएम को जमा करने पोलिंग पार्टियां पहुंचने लगी हैं। कड़ी सुरक्षा में मतगणना के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा करवाया जा रहा है। 414 पोलिंग पार्टियों को ईवीएम जमा करनी हैं। रात 12 बजे तक इनके जमा होने की संभावना है।
मतदान के लिए दो सुपर जोन, चार जोन व 41 सेक्टर बनाये गए थे। 210 मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग, 25 मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी, 71 मतदान केंद्रों पर माइक्रो आब्जर्वर, नौ उड़नदस्ता, नौ स्टेटिक निगरानी टीमें व छह वीडियो निगरानी टीमें लगी थीं। मतगणना की तैयारी, स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरा व ईवीएम जमा आदि की व्यवस्था का एक दिन पहले जिला निर्वाचन अधिकारी निरीक्षण कर चुके हैं।