अयोध्या में नागपंचमी पर शेषावतार मंदिर में हुआ विशेष पूजन, लक्ष्मण जी को लगाया गया छप्पन भोग
अयोध्या के रामजन्मभूमि परिसर स्थित शेषावतार मंदिर में नागपंचमी पर भगवान लक्ष्मण का विशेष पूजन और दुग्धाभिषेक किया गया। इस अवसर पर छप्पन भोग अर्पित कर भव्य श्रृंगार किया गया, जिसमें ट्रस्टी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अयोध्या में नागपंचमी पर्व पर शेषावतार मंदिर में हुआ विशेष पूजन।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अयोध्या। सावन शुक्ल पंचमी तिथि पर सोमवार को नागपंचमी का पर्व रामजन्मभूमि परिसर में भी मनाया गया। परिसर में स्थित शेषावतार मंदिर में दूसरी बार विशेष पूजन-अर्चन किया गया।
अर्चकों ने मंदिर में स्थापित भगवान श्रीराम के अनुज लक्ष्मण जी की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया। भव्य श्रृंगार के पश्चात उन्हें छप्पन भोग समर्पित किया गया। इस मौके पर ट्रस्टी व धार्मिक समिति के सदस्य महांत दिनेंद्रदास, अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने परिसर के शेषावतार मंदिर में लक्ष्मण जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा गत वर्ष पांच जून 2025 को सामूहिक प्राण प्रतिष्ठा समारोह में कराई थी, लेकिन इसमें दर्शन इसी वर्ष 13 अप्रैल से शुरू हुआ था।
इससे पहले ट्रस्ट ने 29 जुलाई 2025 को प्रथम बार नागपंचमी के अवसर पर पूजन कराया था। दर्शन प्रारंभ होने के बाद इस वर्ष शेषावतार मंदिर में दूसरी बार नागपंचमी पर्व मनाया गया।
भगवान श्रीराम के अनुज लक्ष्मण जी को शेषावतार माना जाता है, इस कारण ट्रस्ट ने नागपंचमी के दिन लक्ष्मण जी का विशेष पूजन संपन्न करा कर छप्पन भोग समर्पित किया। इस अवसर पर रामलला का दर्शन करने मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने शेषावतार मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया।
