यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ayodhya Ram Mandir: 4 दिन राम मंदिर के VIP पास कैंसिल, 19 घंटे से ज्यादा रामलला के दर्शन, ये है आरती और पट खुलने का टाइम
Ram Mandir Ayodhya Latest News In Hindi राम जन्मोत्सव की तैयारियों को अंतिम स्पर्श देने में जुटा रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट। रामजन्मभूमि तीर्थ क ...और पढ़ें

HighLights
- मंगला आरती के बाद प्रातः 3:30 बजे से रामलला का अभिषेक, श्रृंगार एवं दर्शन
- रात्रि 11 बजे तक दर्शन का क्रम चलेगा
संवाद सूत्र, अयोध्या। राम जन्मोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने बताया कि रामनवमी के दिन मंगला आरती के बाद प्रातः 3:30 बजे से रामलला का अभिषेक, श्रृंगार एवं दर्शन साथ-साथ चलता रहेगा।
वह रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र यात्री सहायता केंद्र पर संवाददाताओं से वार्ता कर रहे थे। उनके अनुसार श्रृंगार आरती प्रातः पांच बजे होगी, रामलला का दर्शन एवं सभी पूजा-विधि यथावत साथ-साथ चलती रहेगी। भगवान को भोग लगाने के लिए समय-समय पर अल्प-काल का पर्दा रहेगा। ऐसी परिस्थिति के लिए उन्होंने श्रद्धालुओं से निवेदन किया कि पर्दा बंद रहने के समय धैर्य बनाये रखना होगा और इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए राम नाम संकीर्तन तथा प्रभु का भजन करते रहना उचित होगा।
रात्रि 11 बजे तक दर्शन का क्रम चलेगा
रात्रि 11 बजे तक दर्शन का क्रम पूर्ववत चलता रहेगा, इसके बाद दर्शनार्थियों की संख्या एवं तात्कालिक परिस्थिति के अनुरूप भोग एवं शयन आरती होगी।
दर्शनार्थियों को दी सलाह
तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव ने दर्शनार्थियों को अपना मोबाइल, जूता, चप्पल, बड़े-बैग एवं प्रतिबंधित सामग्री आदि सुरक्षित स्थान पर छोड़ कर दर्शन के लिए आने की सलाह भी दी, ताकि दर्शन मार्ग पर चेकिंग और सामान सुरक्षित करने में समय न जाया हो और दर्शन निर्बाध चलता रहे। उन्होंने यह भी दोहराया कि 16, 17, 18 एवं 19 अप्रैल को रामलला के दर्शन एवं आरती के सभी पास निरस्त रहेंगे।
यात्री सेवा केंद्र बनाया गया
रामजन्मभूमि प्रवेश द्वार के निकट रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से यात्री सेवा केंद्र बनाया गया है। यहां से श्रद्धालुओं को जरूरत के हिसाब से सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।