IPL 2026 शुरू होने से पहले ऋषभ पंत ने लिया रामलला का आशीर्वाद, अयोध्या पहुंची लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम
आईपीएल 2026 के शुभारंभ से पहले लखनऊ सुपर जाइंट्स (एलएसजी) की टीम अयोध्या पहुंची। कप्तान ऋषभ पंत सहित पूरी टीम ने राम मंदिर में रामलला, राम परिवार और श ...और पढ़ें

HighLights
आईपीएल 2026 से पहले एलएसजी टीम ने अयोध्या का दौरा किया।
ऋषभ पंत सहित पूरी टीम ने रामलला के दर्शन किए।
खिलाड़ियों ने राम मंदिर की भव्यता की खूब सराहना की।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के शुभारंभ से पहले लखनऊ सुपर जाइंट्स (एलएसजी) की टीम अयोध्या पहुंची और राम मंदिर में पहुंच कर रामलला, राम परिवार व श्रीरामयंत्र का दर्शन-पूजन किया।
दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से पहला मैच खेलने से पहले एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने रामलला के सम्मुख पांच मिनट तक ध्यान भी लगाया। इस दौरान टीम के सभी 20 खिलाड़ी व प्रबंधन से जुड़े अन्य लोग भी उपस्थित रहे। टीम का नेतृत्व मालिक संजीव गोयनका ने किया।
शनिवार दोपहर में राम मंदिर पहुंचने पर खिलाड़ियों का स्वागत राम मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव और पुलिस अधीक्षक सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने किया और साथ ले जाकर सभी खिलाड़ियों को पहले रामलला, फिर राम परिवार व द्वितीय तल पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा स्थापित श्रीरामयंत्र का भी पहली बार दर्शन कराया।
दर्शनोपरांत परिसर का भ्रमण करा कर मंदिर निर्माण की भी जानकारी दी। खिलाड़ियों ने मंदिर की भव्यता को खूब सराहा और काफी उत्साहित दिखे। टीम में कप्तान ऋषभ पंत के अलावा गेंदबाज मोहम्मद शमी व मयंक यादव, उपकप्तान निकोलस पूरन, ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श, जोश इंग्लिश, मुकुल चौधरी, आयुष बदोनी, जस्टिन लैंगर, मैथ्यू ब्रीट्ज्के, हिम्मत सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, मिचेल मार्श, वानिंदु हसरंगा, अक्षत रघुवंशी, मोहसिन खान, आवेश खान, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नार्टजे, नमन तिवारी सहित अन्य रहे।
बता दें कि एलएसजी का पहला मुकाबला एक अप्रैल को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स से है। रामलला का दर्शन कर टीम लखनऊ रवाना हो गई।
एलएसजी खिलाड़ियों के रामनगरी पहुंचने की जानकारी मिलने पर प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। लोग एक झलक पाने को उत्साहित दिखे। रामजन्मभूमि परिसर में भी कइयों ने खिलाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाई।