विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुक्कुट पालन से हर महीने गांव में ही रहकर मोटी कमाई कर रहीं यूपी की उम्मतून निशा, 50 लोगों को दे रहीं रोजगार

By Nafees Edited By: Sachin Sharma
Published: Tue, 27 Oct 2026 12:26 PM (IST)Updated: Tue, 27 Oct 2026 12:34 PM (IST)

अयोध्या की उम्मतून निशां कुक्कुट पालन से प्रतिमाह 30-35 हजार रुपये कमा रही हैं। उन्होंने 50 अन्य लोगों को भी ...और पढ़ें

कुक्कुट पालन को रोजगार का माध्यम बनाकर दूसरों के लिए प्रेरणा बनीं उम्मतून निशां

कुक्कुट पालन को रोजगार का माध्यम बनाकर दूसरों के लिए प्रेरणा बनीं उम्मतून निशां

HighLights

  1. उम्मतून निशां कुक्कुट पालन से प्रतिमाह 30-35 हजार रुपये कमाती हैं।

  2. उन्होंने 50 से अधिक लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया।

  3. यह ग्रामीण आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण है।

नफीस खां, अयोध्या। हौसले बुलंद हों तो छोटी शुरुआत भी बड़ी सफलता की कहानी लिख सकती है। इसकी मिसाल हैं बहोरिकपुर-मुरादाबाद की उम्मतून निशां, जिन्होंने कुक्कुट पालन को अपनी आजीविका का मजबूत आधार बनाने के साथ करीब 50 महिलाओं और पुरुषों को रोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है। आज वह कुक्कुट पालन के जरिए प्रतिमाह 30 से 35 हजार रुपये तक की आमदनी कर रही हैं।

उम्मतून निशां ने वर्ष 2020 में चांद आजीविका महिला स्वयं सहायता समूह का गठन कर 12 महिलाओं को जोड़ा। इसके बाद स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 11 जुलाई 2024 को बीएमएम जितेंद्र पांण्डेय व आजीविका मिशन के ब्लाक प्रभारी भगवानदीन के सहयोग से 200 चूजों के साथ मुर्गी पालन शुरू किया।

करीब पांच महीने बाद तैयार हुई मुर्गियों में से 80 को बाजार में बेच दिया, जबकि 120 मुर्गियों को आगे व्यवसाय बढ़ाने के लिए रखा। उम्मतून निशां ने मुर्गी पालन तक सीमित न रहकर हैचरी के माध्यम से अंडों से चूजे तैयार करने का काम शुरू किया। वह अंडों को हैचरी में रखकर करीब 22 दिनों में चूजे तैयार करती हैं। इसके बाद उन्हें बाजार में बेचती हैं।

चूजों के साथ अंडों की बिक्री से भी उन्हें आमदनी होती है। उन्होंने शुरुआत में ब्लाक मुख्यालय स्थित हैचरी से 30 रुपये प्रति चूजे की दर से चूजे खरीदे थे। मेहनत और अनुभव के बल पर आज उनका व्यवसाय आगे बढ़ रहा है।

उम्मतून निशां ने अमानीगंज के प्रदीप कुमार, भेलसर की आरती, टांडा खुलासा की गुड्डन तथा मुरादाबाद के अकील और शीशपाल समेत करीब 50 लोगों को कुक्कुट पालन के लिए प्रेरित किया। उनके मुताबिक इस व्यवसाय से जुड़े कई लोग अब प्रतिमाह 10 से 15 हजार रुपये तक कमा रहे हैं।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उम्मतून निशां की कहानी बताती है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और अवसर मिलने पर महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सकती हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के दरवाजे खोल सकती हैं। उनकी यह पहल ग्रामीण आत्मनिर्भरता की एक प्रेरक मिसाल है।

यह भी पढ़ें- जालौन के कुणाल जाटव ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, 3.17 सेकंड में टाइप कर दी इंग्लिश अल्फाबेट्स

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।