वाराणसी एयरपोर्ट पर आजमगढ़ के कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चली, दो स्टाफ घायल
वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान आजमगढ़ के कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। इस ...और पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट पर कमलेश राय के लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, दो स्टाफ घायल।
HighLights
वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली।
सुरक्षा जांच के दौरान दो एयरपोर्ट स्टाफ हुए घायल।
आजमगढ़ निवासी कमलेश राय मुंबई जा रहे थे।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़/वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई। गोली लगने से एयरपोर्ट के दो स्टाफ घायल हो गए। महिला कर्मचारी के पैर में गोली लगी है जबकि एक गोली पुरुष स्टाफ के हाथ को छूती हुई निकल गई। दोनों को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया है।
आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए सुबह करीब पौने दस बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत असलहे को सील कर पायलट केबिन में रखा जाता है।
इस दौरान मैगजीन असलहे से अलग करना आवश्यक है। इसके लिए निर्धारित शुल्क एयरलाइंस वसूलती हैं। यात्री कमलेश राय पिस्टल की मैगजीन निकाल रहे थे, तभी ट्रिगर दब जाने से गोली चल गई। सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया गया कि कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ सात अगस्त को आजमगढ़ के जीयनपुर के रामगढ़ स्थित अपने पैतृक घर पूजा में शामिल होने के लिए मुंबई से आए थे। उनका होटल कारोबार है और दो बेटों रितेश कुमार और यत्नेश कुमार के साथ मुंबई के मरोल में रहते हैं।
बड़े बेटे रितेश एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से जुड़े हैं और एयरपोर्ट के पास वार्ड नंबर 89 के नगर सेवक हैं। यत्नेश मुंबई में डाक्टर हैं। गांव में पिता केदारनाथ राय और मां ऊषा राय रहती हैं। ऊषा राय ग्राम प्रधान भी हैं। जीयनपुर में इनका बाबू शिवपट्टर राय स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय भी है।
दोनों घायल स्टाफ (स्क्रीनर) बिहार के रहने वाले
-सुमन कुमारी पुत्री नरेश, निवासी मानपुर थाना बुनियादगंज जिला गया बिहार।
-रोहित पुत्र किशोरी प्रसाद, निवासी ग्राम अंबेर रोहिणी रोड थाना बिहारशरीफ जिला नालंदा बिहार।
