विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजमगढ़ भाजपा जिला मंत्री के वाहन में पुल‍िस की गाड़ी ने मारी टक्‍कर, अभद्र व्‍यवहार का वीड‍ियो वायरल

By Saurabh Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 12 Sep 2026 12:48 PM (IST)

आजमगढ़ में भाजपा जिला मंत्री आशीष गुप्ता की गाड़ी को बिलरियागंज थाने के दारोगा और उनके चालक ने टक्कर मारी, ...और पढ़ें

HighLights

  1. भाजपा जिला मंत्री आशीष गुप्ता की गाड़ी को पुलिस वाहन ने टक्कर मारी।

  2. दारोगा और चालक पर अभद्र व्यवहार का आरोप, वीडियो वायरल।

  3. उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेकर जांच के आदेश दिए।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। बिलरियागंज थाने के दारोगा और उनके चालक पर वाहन में टक्कर मारने के बाद अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। मामले में भाजपा जिला मंत्री आशीष गुप्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रही है। उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

मसुरियापुर गांव निवासी आशीष गुप्ता ने शिकायती पत्र में बताया कि 10 सितंबर को वह अपने वाहन से आजमगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बिलरियागंज थाने के दारोगा संतोष कुमार यादव और उनके चालक ने साइड से उनके वाहन में टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद उनके चालक ने दारोगा से घटना के संबंध में बात करने का प्रयास किया तो दारोगा और चालक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।

जिला मंत्री ने मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए एसपी से जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रचलित होने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।