आजमगढ़ में जनरल स्टोर में लगी आग, 22 लाख का सामान जलकर राख
आजमगढ़ में श्रेजल जनरल स्टोर और कॉस्मेटिक सेंटर में आग लगने से 22 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर ...और पढ़ें

जनरल स्टोर में आग लगने से सामान जलकर राख।
HighLights
चक्रपानपुर के श्रेजल जनरल स्टोर में लगी आग।
दुकान में रखा 22 लाख से अधिक का सामान जला।
पुलिस और दमकल ने आग पर पाया काबू।
जागरण संवाददाता, चक्रपानपुर (आजमगढ़)। क्षेत्र के श्रेजल जनरल स्टोर एवं कास्मेटिक सेंटर में शुक्रवार की रात करीब 12:25 बजे अचानक आग लग गई। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल चक्रपानपुर चौकी के उपनिरीक्षक अजय निषाद को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी दिनेश कुमार पाल ने दमकल विभाग को सूचना देते हुए पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
पुलिस की सूचना पर दुकान मालिक जहानागंज थाना क्षेत्र के भदयां गांव निवासी प्रदीप प्रजापति भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे।
उनका कहना है कि दुकान से निकलते समय बिजली का मुख्य स्विच भी बंद कर दिया था। ऐसे में आग लगने के कारणों को लेकर संदेह बना हुआ है। शनिवार सुबह राजस्व लेखपाल आशीष यादव ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया।
प्रदीप प्रजापति ने स्थानीय चौकी पर क्षति के संबंध में प्रार्थना पत्र भी दिया है। दुकान मालिक ने बताया कि 22 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
