आजमगढ़ में हाइमास्ट लाइट को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट; पूर्व प्रधान सहित पांच पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़ के फूलपुर स्थित जौमा गांव में हाइमास्ट लाइट जलाने-बुझाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और पूर्व ...और पढ़ें

HighLights
आजमगढ़ के जौमा गांव में हाइमास्ट लाइट पर विवाद।
दो पक्षों में जमकर मारपीट, एक युवक गंभीर घायल।
पूर्व प्रधान सहित पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। फूलपुर क्षेत्र के जौमा गांव में सोमवार की रात करीब 10 बजे हाइमास्ट लाइट को जलाने और बंद करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, दोनों तरफ से लाठी-डंडे, ईंट पत्थर और धारदार हथियारों का प्रयोग हुआ।
मारपीट की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव के धोबियाना मोहल्ला निवासी इस्लाम के पुत्र ओकाश उर्फ सुग्गू की सोमवार को शादी थी, बारात जाने के बाद अगले दिन वलीमा का कार्यक्रम प्रस्तावित था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं।
मोहल्ले में विधायक निधि से स्थापित हाइमास्ट लाइट के नियंत्रण को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। पूर्व प्रधान मो अकरम के प्रयास से हाइमास्ट लाइट को स्थापित कराया गया था। सोमवार की रात लाइट बंद थी, इसी दौरान मोहल्ले के इंदल यादव ने ताला तोड़कर लाइट जला दी।
इस पर पूर्व प्रधान के बेटों ने आपत्ति जताई और पूछताछ शुरू कर दी, धीरे-धीरे बात बढ़ने लगी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग हथियार लेकर एक दूसरे से भिड़ गए। मारपीट की घटना में इस्लाम की तरफ से 20 वर्षीय आतिफ गंभीर रूप से घायल हो गया, घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सच्चिदानंद मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रण करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
खबरें और भी
वहीं, घायल आतिफ को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि घायल के पिता बदरे आलम की तहरीर पर पूर्व प्रधान मो. अकरम समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।