आजमगढ़ में जल्द बनेंगे 51 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र, महिलाओं को गांव के नजदीक ही मिलेगी प्रसव की सुविधा
आजमगढ़ में ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु 51 नए उपकेंद्र बनेंगे, जिससे ग्रामीणों को टीकाकरण और प्रसव जैसी सेवाएं गांव के पास ही मिलेंगी।

प्रत्येक उपकेंद्र पर एक सीएचओ और एक एएनएम तैनात होंगे, जिससे प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी।
HighLights
आजमगढ़ में 51 नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में।
ग्रामीणों को टीकाकरण, प्रसव जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं अब गांव के पास।
प्रत्येक उपकेंद्र पर एक सीएचओ और एक एएनएम तैनात होंगे।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा बढ़ाने के लिए जिले में 51 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इससे ग्रामीणों को टीकाकरण और प्रसव जैसी सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। प्रत्येक उपकेंद्र पर एक कम्युनिटी हेल्थ अफसर (सीएचओ) और एक एएनएम की तैनाती होगी। पांच हजार की आबादी पर एक उपकेंद्र बनाने की योजना है।
उपकेंद्रों के निर्माण के लिए राजस्व विभाग ने जमीन उपलब्ध कराई थी। स्वास्थ्य विभाग की तकनीकी टीम ने सभी स्थलों की जांच कर रास्ते की उपलब्धता और भूमि विवाद की स्थिति का परीक्षण किया। जांच में 51 स्थल उपयुक्त पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इनकी रिपोर्ट राजस्व विभाग को सौंप दी है।
अब राजस्व विभाग जमीन के अभिलेख जिला पंचायत को हैंडओवर कराएगा। इसके बाद जिला पंचायत निर्माण कार्य शुरू कराएगा। निर्माण के लिए बजट भी जिला पंचायत को ही आवंटित होगा। वर्तमान में जिले में 821 स्वास्थ्य उपकेंद्र संचालित हैं। नए उपकेंद्र बनने से ग्रामीणों को गांव के पास ही टीकाकरण, प्रसव समेत अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
जमीन की जांच पूरी, अब हैंडओवर की प्रक्रिया
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ननकूराम वर्मा ने बताया कि जून 2026 में 51 नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों को स्वीकृति मिली थी। इसके बाद राजस्व विभाग से जमीन उपलब्ध कराने की मांग की गई। जमीन मिलने पर तकनीकी टीम से जांच कराई गई। सभी 51 स्थल उपयुक्त पाए गए हैं। उनकी रिपोर्ट राजस्व विभाग को भेज दी गई है। अब जमीन जिला पंचायत को हैंडओवर होने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।