आजमगढ़ में 21 लाख से शहर के सात नए जगहों पर लगेगा CCTV कैमरा, सिटी की सुरक्षा होगी मजबूत
आजमगढ़ में अपराध और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 21 लाख रुपये की लागत से सात नए स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
आजमगढ़ में सात नए स्थानों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे।
21 लाख रुपये की लागत से होगा यह विस्तार कार्य।
अपराध और यातायात निगरानी व्यवस्था होगी और मजबूत।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। शहर में अपराध और यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क और मजबूत किया जाएगा। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर पहले से 70 कैमरे लगाए गए हैं।
अब जुनैदगंज समेत सात नए स्थानों पर करीब 21 लाख रुपये की लागत से कैमरे लगाने की तैयारी है। इससे शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी का दायरा बढ़ेगा।
शहर के आठ प्रमुख चौराहों पर कुल 35 कैमरे लगाए गए हैं। बेलइसा, कलेक्ट्रेट, शारदा, पांडेय बाजार और भंवरनाथ चौराहे पर चार-चार कैमरे हैं। छतवारा, बागेश्वर और हाइड्रिल चौराहे पर पांच-पांच कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसी तरह आठ प्रमुख तिराहों पर भी 35 कैमरे लगाए गए हैं।
शंकर जी, रोडवेज, पहलवान, रेलवे स्टेशन और बैठोली तिराहे पर चार-चार कैमरे हैं, जबकि हरवंशपुर, गांधी और रैदोपुर तिराहे पर पांच-पांच कैमरे लगाए गए हैं। इस तरह चौराहों और तिराहों पर कुल 70 कैमरे पुलिस की निगरानी व्यवस्था का हिस्सा हैं।
सात नए स्थानों पर लगेगा कैमरा
सीसीटीवी कैमरों के विस्तार के लिए जुनैदगंज, हाफिजपुर, चौक, गिरिजाघर, भंवरनाथ बाईपास, नरौली और करतालपुर को चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर करीब 21 लाख रुपये की लागत से कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव है। नए स्थानों पर कितने-कितने कैमरे लगाए जाएंगे, इसका विवरण अभी निर्धारित नहीं किया गया है।
कैमरों का नेटवर्क बढ़ने से शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और व्यस्त क्षेत्रों में निगरानी और मजबूत होगी। आपराधिक घटनाओं, सड़क हादसों और यातायात संबंधी मामलों की जांच में सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। संदिग्ध वाहनों और लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने में भी इससे मदद मिलेगी।
शहर में सीसीटीवी कैमरों का दायरा बढ़ने से पुलिस की निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी। प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगने से घटनाओं की निगरानी के साथ जांच में भी मदद मिलेगी। -चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण।
