आजमगढ़ के फूलपुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सौ दुकानें और एक दर्जन मकान ध्वस्त
फूलपुर नगर में लोक निर्माण विभाग और रेलवे की भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए शनिवार को बुलडोजर चला, जिसमें लगभग सौ दुकानें और एक दर्जन मकान तोड़े ...और पढ़ें

HighLights
फूलपुर में पीडब्ल्यूडी और रेलवे की भूमि पर चला बुलडोजर।
सौ दुकानें, एक दर्जन मकानों का अतिक्रमण हटाया गया।
प्रभावित परिवारों के सामने अब रोजी-रोटी का गंभीर संकट।
फूलपुर में चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान
जागरण संवाददाता, फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर नगर में लोक निर्माण विभाग और रेलवे की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए शनिवार को बुलडोजर से करीब सौ दुकानों और एक दर्जन मकानों के अतिक्रमण को तोड़ा गया।
शनिवार को अतिक्रमण को हटाने के लिए चार जेसीबी लगाई गई थी। इस दौरान चार थानों की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
खुरासो मोड़ से उदपुर बच्चूलाल पेट्रोल पंप तक पीडब्ल्यूडी और रेलवे की खाली पड़ी भूमि पर दशकों से चाय, मिठाई, मछली, मुर्गा, बढ़ई, बाइक मरम्मत, साइकिल मरम्मत, मोची, माली समेत अन्य छोटे-छोटे व्यवसाय संचालित हो रहे थे। कई लोगों ने पक्के निर्माण कर लिए और लाखों रुपये खर्च कर दुकानों का विस्तार भी किया।
पूर्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान केवल टीन शेड या अस्थायी निर्माण हटाए जाते थे, जिसके चलते इस बार भी अधिकांश लोगों को बड़ी कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी। प्रशासन द्वारा नोटिस दिए जाने के बावजूद कई दुकानदार अपना सामान नहीं हटा सके।
अभियान के बाद कई दुकानदार अपने टूटे प्रतिष्ठानों के मलबे में दबा सामान तलाश रहे थे। प्रभावित परिवारों का कहना है कि उनके सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
एसडीएम अशोक कुमार का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना आवश्यक था और यह कार्रवाई पूर्व में जारी नोटिसों के बाद नियमानुसार की गई है।