आजमगढ़ में नौ सेमी बढ़ा सरयू का जलस्तर, हाजीपुर बाढ़ चौकी मिली बंद
आजमगढ़ में सरयू नदी का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है, जिससे तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ की चिंता बढ़ गई है। ...और पढ़ें
-1789650420728_m.webp)
नौ सेमी बढ़ा सरयू का जलस्तर।
HighLights
सरयू नदी का जलस्तर 24 घंटे में 9 सेमी बढ़ा।
हाजीपुर बाढ़ चौकी बंद मिली, कर्मचारी नदारद थे।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ा, दवा छिड़काव की मांग।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सरयू नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में मुख्य माप स्थल बदरहुआ नाले पर जलस्तर में नौ सेमी का बढ़ाव दर्ज किया गया। इससे तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों में एक बार फिर से बाढ़ की चिंता बढ़ गई है। हाजीपुर बाढ़ चौकी गुरुवार की सुबह 11 बजे बंद मिली। यहां पर ना तो कोई कर्मचारी मिला और ना ही यहां पर बैनर लगा मिला।
इसके साथ ही बुधवार से ही बाढ़ प्रभावितों में राहत किट का वितरण भी नहीं किया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। संपर्क मार्गों पर पानी चढ़ने के कारण ग्रामीणों के आवागमन के लिए दस नाव लगाया गया है।
भदौरा संपर्क मार्ग,मानिकपुर, सोनौरा, देवरा इस्माइलपुर, उर्दिहा, निबिहवा और हैदराबाद संपर्क मार्ग पर पानी लगा हुआ है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह पानी लगने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। सोनौरा गांव निवासी विनोद राय ने बताया कि मच्छररोधी दवाओं के छिड़काव के नाम पर सफाईकर्मी खानापूर्ति कर रहे हैं।
मुखलिसपट्टी निवासी बलराम प्रसाद ने बताया कि गांव में दवा का छिड़काव करने के लिए सफाईकर्मी आए थे लेकिन एक ही जगह दवा का छिड़काव करने के बाद वहां की फोटो खींचकर वापस चले गए। ग्रामीणों ने प्रशासन ने ब्लीचिंग पावडर के साथ ही अन्य दवाओं का छिड़काव कराने की मांग की है।
सरयू नदी का जलस्तर
मुख्य माप स्थल बदरहुआ नाले पर बुधवार को नदी का जलस्तर 71.23 मीटर दर्ज किया गया था। यहां पर 24 घंटे में नौ सेमी बढ़त के साथ गुरुवार को 71.32 मीटर दर्ज किया गया। खतरा बिंदु 71.68 से अभी भी नदी 36 सेमी नीचे बह रही है।
डिघिया नाले पर बुधवार को नदी का जलस्तर 70.41 दर्ज किया गया था। यहां जहां 24 घंटे में नदी का जलस्तर 13 सेमी बढ़त के साथ 70.54 दर्ज किया गया। यहां पर खतरा बिंदु 70.40 मीटर से 14 सेमी ऊपर नदी बह रही है।
हाजीपुर बाढ़ चौकी पर नहीं मिले कर्मचारी
बाढ़ पीड़ितों की सुरक्षा एवं सेवा के लिए बनाई गई बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारी नहीं मिल रहे हैं। गुरुवार की सुबह 11 बजे जागरण की टीम जब हाजीपुर बाढ़ चौकी पर पहुंची तो चौकी बंद मिली, मौके पर कोई कर्मचारी नहीं था और बैनर भी नदारद था। ग्रामीणों ने बताया कि अधिकारियों के दौरे पर ही कर्मचारी आते हैं। बताया कि एक कमरे में कर्मचारी अपना सामान रखते हैं और बाहर बैठते हैं, यहीं पर बैनर भी लगा रहता है।
बुधवार से राशन वितरण बंद है। कुछ गांव के बाढ़ पीड़ितों में राहत किट का वितरण के लिए डिमांड भेजा गया है। जैसे ही राहत किट आ जाएगा, वितरण शुरू करा दिया जाएगा। -आदर्श सिंह, नायब तहसीलदार, सगडी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।