आजमगढ़ में पारिवारिक विवाद में महिला ने दो बच्चों संग लगाई पोखरी में छलांग, बच्चों की मौत, मां गंभीर
आजमगढ़ में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को पोखरे में फेंक दिया और खुद भी कूद गई। इस घटना में दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबक ...और पढ़ें

आजमगढ़ में पारिवारिक कलह के बाद मां ने दो बच्चों को पोखरे में फेंका, बच्चों की मौत।
HighLights
पारिवारिक विवाद के बाद मां ने बच्चों को पोखरे में फेंका।
डेढ़ वर्षीय राघव और तीन वर्षीय कृष्णा की मौत हुई।
मां जयप्रदा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के अकड़छा गांव में रविवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को पोखरे में फेंक दिया। इसके बाद स्वयं भी पोखरे में कूद गई। घटना में दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अकड़छा गांव निवासी विंदलेश फर्नीचर का काम करते हैं।
रविवार को घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उनकी पत्नी जयप्रदा अपने तीन बच्चों डेढ़ वर्षीय राघव, तीन वर्षीय कृष्णा और आठ वर्षीय मानवी को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकल गई। घर से करीब तीन किलोमीटर दूर एक पोखरी के पास पहुंचने पर जयप्रदा ने पहले डेढ़ वर्षीय राघव और तीन वर्षीय कृष्णा को पोखरे में फेंक दिया। इसके बाद जब वह आठ वर्षीय मानवी को भी पोखरे में फेंकने लगी तो बच्ची हाथ छुड़ाकर भाग निकली और घर पहुंचकर स्वजन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद जयप्रदा ने भी पोखरे में छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों तथा जयप्रदा को पोखरी से बाहर निकाला। सभी को तत्काल फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। जयप्रदा की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका एक निजी अस्पताल एशियन इमरजेंसी में उपचार चल रहा है।