विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं: POCSO कोर्ट में जमा किया हाईकोर्ट का जाली जमानत आदेश, महिला अधिवक्ता समेत 2 पर FIR दर्ज

Published: Wed, 09 Sep 2026 10:10 PM (IST)

बदायूं के जिला न्यायालय में हाईकोर्ट का फर्जी जमानत आदेश पेश कर जमानत लेने का प्रयास किया गया। इस मामले ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. न्यायालय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, विशेष न्यायाधीश (पाक्सो) में पेश किया गया फर्जी आदेश

जागरण संवाददाता, बदायूं। जिला न्यायालय में हाईकोर्ट के फर्जी आदेश लगाकर जमानत लेने की कोशिश की गई। न्यायालय के लिपिक की तहरीर पर थाना सिविल लाइंस में महिला वकील और आरोपित के पैरोकार के खिलाफ देर शाम प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

मामला पाक्सो कोर्ट से जुड़ा है। न्यायालय अपर जिला एवं सत्र विशेष न्यायाधीश (पाक्सो) में तैनात लिपिक राहुल कटियार ने पुलिस को तहरीर दी। उनका कहना है कि एक अगस्त को महिला वकील कंचन ने दो प्रार्थना पत्र जमानत धनराशि निर्धारण को पेश किए थे।

पहले प्रार्थना पत्र के साथ उच्च न्यायालय इलाहाबाद का जमानत आदेश और दूसरे प्रार्थना पत्र के साथ जमानत प्रार्थना पत्र में 23 जुलाई को पारित आदेश की प्रति संलग्न की गई थी।

इन प्रार्थना पत्रों के साथ आरोपित किशनपाल की ओर से पैरवी कर रहे ब्रजेश निवासी ग्राम जनेटा थाना बनियाठेर जिला संभल के शपथ पत्र भी प्रस्तुत किए गए थे। नियमानुसार जमानत आदेशों को सत्यापन के लिए न्यायालय के कंप्यूटर अनुभाग को भेजा गया।

वहां की जांच आख्या के अनुसार वकील द्वारा प्रस्तुत जमानत प्रार्थना पत्रों के आदेशों और उच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध डाटा में आरोपित के नाम में भिन्नता पाई गई।

इससे स्पष्ट हो गया कि वकील कंचन और उसके पैरोकार ब्रजेश द्वारा उच्च न्यायालय का फर्जी कूटरचित जमानत आदेश न्यायालय में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि इसमें उच्च न्यायालय के फर्जी आदेश का लाभ लेने का प्रयास किया गया। इससे यह और गंभीर हाे गया है।

सत्र लिपिक राहुल कटियार की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और इसकी जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में महिला वकील और पैरोकार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह फर्जी आदेश कहां और किसने तैयार किया। इसकी जांच कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें- बदायूं पुलिस महकमे में हड़कंप: 60 कारतूसों के खेल में 'बिक' गई खाकी; दारोगा और दो सिपाही सस्पेंड, जानें कैसे खुला राज