बदायूं में मौतों के बाद जागी सरकार: 5 फर्जी अस्पताल सील, 5 को नोटिस; जागरण की खबर का बड़ा असर
बदायूं में मौतों और दैनिक जागरण की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। अभियान चलाकर पांच फर्जी अस्पतालों ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
दैनिक जागरण ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर उठाए थे सवाल, इसको लेकर विभाग ने चलाया अभियान
जागरण संवाददाता, बदायूं। फर्जी अस्पतालों के मकड़जाल पर स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी को दैनिक जागरण ने गुरुवार के अंक में जान जोखिम में, मौत के बाद ही क्यों जागता स्वास्थ्य विभाग शीर्षक से खबर के माध्यम से उजागर किया तो विभाग हरकत में आ गया।
सीएमओ की गठित दो टीमों ने सहसवान और दहगवां में 10 अस्पतालों व क्लीनिकों पर छापा मारा। पांच अस्पताल सील किए गए, जबकि पांच को नोटिस जारी किया गया।
नोटिस पाने वालों से वैध कागजात मांगे गए हैं। सवाल यही है कि जिन अस्पतालों की जानकारी विभाग को पहले से थी, उन पर कार्रवाई के लिए लोगों की मौत का इंतजार क्यों करना पड़ा।
सहसवान में अवैध अस्पतालों पर प्रशासन का छापा, दो अस्पताल सील
सहसवान। क्षेत्र में बिना पंजीकरण के धड़ल्ले से चल रहे अवैध अस्पतालों के खिलाफ गुरुवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। एसडीएम सहसवान, सीओ सहसवान और सीएचसी अधीक्षक डाॅ. प्रशांत त्यागी के नेतृत्व में टीम ने पांच अस्पतालों पर औचक छापेमारी की।
टीम में एनएमएस अशफाक अली, नेत्र परीक्षण अधिकारी दीपक शंखधार और सलीम मौजूद रहे। जांच में मानक विहीन पाए जाने पर अकबराबाद चौराहा स्थित स्टार हेल्थ हास्पिटल और हरदत्तपुर रोड स्थित भारत हास्पिटल को मौके पर ही सील कर दिया गया।
वहीं लाइफ केयर हास्पिटल, एनआईसीयू सेंटर और बालाजी क्लीनिक को नोटिस जारी किया गया। डा. प्रशांत त्यागी ने बताया कि नोटिस वाले केंद्रों को अपना पक्ष रखने का समय दिया गया है। तय समय में वैध अभिलेख पेश न करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दहगवां में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, तीन क्लीनिक सील
दहगवां। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों पर शिकंजा कसते हुए तीन क्लीनिकों को सील कर दिया, जबकि दो को नोटिस जारी किया है। कार्रवाई से क्लीनिक संचालकों में खलबली मच गई।
चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पीयूष यादव के नेतृत्व में टीम ने उस्मानपुर स्थित नीसू क्लीनिक, रसूलपुर कलां स्थित दिनेश क्लीनिक और शादीपुर में ओम हेल्थ केयर सेंटर को सील किया। वहीं उस्मानपुर स्थित डाॅ. जितेंद्र क्लीनिक और कोठा स्थित विश्वास क्लीनिक को नोटिस दिया गया।
टीम में चिकित्सा अधिकारी डाॅ. हरिनिवास यादव, खंड विकास अधिकारी सतीश चंद्र सैनी और पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। विभाग ने बताया कि बिना मानकों के चल रहे क्लीनिक मरीजों की सेहत के लिए खतरा हैं, इसलिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।