विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं में काल बनी तेज रफ्तार: 24 घंटे में 4 भीषण हादसे, मासूम समेत 6 लोगों की मौत

Published: Tue, 22 Sep 2026 10:08 PM (IST)

बदायूं में पिछले 24 घंटों के दौरान चार अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

संवाद सूत्र, वजीरगंज/मुजरिया/सिलहरी/कुंवरगांव (बदायूं)।: अत्याधिक गति और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण 24 घंटे में चार जानलेवा हादसे हुए। वजीरगंज क्षेत्र में बाइक सवार राजमिस्त्री और मजदूर को रोडवेज बस ने कुचल दिया। सिलहरी में बाइक की टक्कर से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

मुजरिया क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की जान चली गई। उनकी पत्नी व पांच माह की बच्ची दूर जा गिरीं। उन दोनों की जान बच गई, मगर घायल होने के कारण अस्पताल में उपचार चल रहा। वहीं देर शाम कुंवरगांव में दूध के टैंकर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई।

धर्मपुर गांव निवासी राजेश कुमार सोमवार को मजदूर बद्रीप्रसाद के साथ बाबट गांव में भवन निर्माण करने गए थे। वे रात 8.30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे।

वजीरगंज-बदायूं मार्ग पर यूपी-24 होटल के के पास अचानक सामने से आई गढ़मुक्तेश्वर डिपो की रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बद्रीप्रसाद की मौके पर मौत हो गई।

राजेश को गंभीर हालत में बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह उनकी भी सांसें थम गईं। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया था। उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, बिनावर क्षेत्र के गांव मजरा पस्तोर में किसान सत्येंद्र सिंह का छह वर्षीय बेटा अनुराग सोमवार शाम को घर के बाहर खेल रहा था। स्वजन के अनुसार, विजयनगला गांव की ओर से तेज गति में आई बाइक ने उसे टक्कर मार दी थी।

यह देखकर ग्रामीणों ने बाइक सवार को घेर लिया। सड़क पर घायल पड़े अनुराग को तुरंत उपचार के लिए भेजा गया। बरेली के अस्पताल में मंगलवार को उसकी मौत हो गई।

ग्राम प्रशासक गायत्री देवी के पुत्र अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई के बजाय बिना पोस्टमार्टम बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

तीसरी घटना मुजरिया के पास हुई। मंगलवार को बैरपुर गांव निवासी नरवीर अपनी पत्नी सुनीति व पांच माह की बच्ची के साथ शोरा गांव स्थित ससुराल से लौट रहे थे।

मुजरिया के पास पहुंचते ही ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नरवीर बाइक से उछलकर सड़क पर गिरे, इतने में ट्रक के पहिया ने उनका सिर कुचल दिया। उनकी मौके पर मौत हो गई। सुनीति व उनकी बच्ची अलग गिरी।

चौथी घटना मंगलवार देर शाम कुंवरगांव-बदायूं मार्ग पर गांव बादल और ललेई के बीच हुआ। यहां गांव बादल निवासी छविराम अपने दोस्त गांव ललेई निवासी बृजभान उर्फ बिरजू के साथ बाइक से कुंवरगांव के साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने गया था।

देर शाम छविराम अपने दोस्त को उसके गांव छोड़ने जा रहा था। दोनों युवक कुंवरगांव-बदायूं मार्ग पर बादल-ललेई के पास पहुंचे थे। इसी दौरान बदायूं की तरफ से आ रहे दूध के टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- बदायूं में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी शाबान को 20 साल की सजा, कोर्ट ने 1.20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया