बदायूं हादसा: 'सिर्फ 5 KM दूर जाना है'... हेलमेट नहीं पहना, अग्निवीर साथी समेत 3 दोस्तों की मौत; 2 महीने पहले ली थी बाइक
बदायूं में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो ...और पढ़ें

अस्पताल में मौजूद लोगों की भीड़ और स्ट्रेचर पर घायल युवक
HighLights
बदायूं में एक को लेनी थी दवा, चचेरे-तहेरे भाइयों समेत तीन दोस्त साथ में गए
दो महीने पहले खरीदी गई थी बाइक, सामने से आती स्कूल बस ने मारी टक्कर
जागरण संवाददाता, बदायूं। बाइक पर दो के बजाय चार, अत्यधिक गति और सिर पर हेलमेट भी नहीं। यह लापरवाही जानलेवा और तीन परिवारों के लिए जीवनभर का घाव बन गई। रविवार को एक बाइक से जा रहे चार दोस्तों को स्कूल बस ने टक्कर मार दी। इसमें तीन की मौत हो गई, चौथे की हालत गंभीर है। भीषण हादसे में बाइक के टुकड़े हो गए, जो दो महीने पहले खरीदी गई थी।
हत्सा गांव निवासी 11 वीं के छात्र शिवकुमार का अग्निवीर में चयन हो चुका था। उन्हें रविवार को दवा लेने बिसौली जाना था, इसके लिए पड़ोसी रोहन को बुलाया।

ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पहले पंजाब से नौकरी कर लौटे रोहन के पास नई बाइक थी। वह अपने चचेरे भाई नितिन के साथ शिवकुमार के पास पहुंचे। वहां ऋषभ भी खड़े थे।
चारों दोस्तों ने तय किया कि एक साथ चलेंगे। वे बाइक लेकर गांव से आधा किमी आगे बढ़े थे, तभी मदनजुड़ी गांव के सामने उनकी बाइक में एसडीबी स्कूल की बस ने टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शी शेषमणि मिश्र ने बताया कि हादसा देख तुरंत यूपी 112 को फोन किया। इसके बाद दौड़कर पड़ोस के पेट्रोल पंप पर खड़ी एंबुलेंस बुलाकर लाए।
चारों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, वहां चिकित्सकों ने ऋषभ, रोहन और नितिन को मृत घोषित कर दिया। शिवकुमार का गंभीर अवस्था में उपचार हो रहा है।

इंस्पेक्टर सर्वेंद्र शर्मा ने बताया कि हादसा देख बस चालक भाग गया। उसमें सवार 16 विद्यार्थियों को दूसरे वाहन से घरों तक भेजा। ऋषभ के भाई सनोज की दो वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी।
अब ऋषभ का शव देखकर मां रज्जो बेसुध हो गईं। स्वजन ने बताया कि तहेरे-चचेरे भाई रोहन व नितिन हमउम्र होने के कारण दोस्त भी थे। वे चारों बचपन में साथ खेले, साथ पढ़े। गांव से कस्बा की दूरी सिर्फ पांच किमी है, यह सोचकर किसी ने हेलमेट नहीं पहना था।